बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को रोमांचक बनाएंगी यह तीन बैटल, फैंस को है बेसब्री से इनका इंतजार
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का आगाज 9 फरवरी से हो रहा है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच नागपुर में खेला जाएगा। इस सीरीज में चार टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली टक्कर क्रिकेट इतिहास की सबसे रोमांचक भिड़ंत में से एक रही है। 9 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट मैच नागपुर में खेला जाएगा। पिछली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में मात दी थी, जिसका बदला लेने के लिए अब कंगारू उतावले हैं। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में समय-समय पर कुछ खिलाड़ियों की टक्कर हमेशा से बेहद दिलचस्प रही है। वर्तमान में भी तीन बैटल ऐसी रहने वाली हैं, जिसका इंतजार क्रिकेट फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। आइए आपको इनके बारे में विस्तार से बताते हैं।

विराट कोहली vs पैट कमिंस
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में इस बैटल पर क्रिकेट फैंस नजरें सबसे अधिक होंगी। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस अपनी-अपनी टीम के धुरंधर खिलाड़ी हैं। विराट कोहली का बुरा दौर अब बीत चुका और इस वक्त वो शानदार फॉर्म में हैं। हालांकि विराट ने हाल के दिनों में व्हाइट बॉल क्रिकेट में गजब का प्रदर्शन किया है अभी रेड बॉल क्रिकेट में उनकी वापसी बाकी है, लेकिन कोहली ऐसा करने में सक्षम हैं।
वहीं दूसरी तरफ पैट कमिंस अपनी टीम के कप्तान हैं। वो 140-145 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। लाइन और लेंथ पर उनका जबरदस्त कंट्रोल है और इसी वजह से वो अपनी टीम के सबसे अहम खिलाड़ी हैं।
दोनों खिलाड़ियों के बीच हेड-टू-हेड की बात करें तो पलड़ा पैट कमिंस का भारी नजर आता है। पैट कमिंस ने कोहली को 5 बार आउट किया है। वहीं कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के खिलाफ 247 गेंदों में 16.4 की औसत से 82 रन बनाए हैं। पैट कमिंस ने दिसंबर 2018 में एडिलेड टेस्ट में कोहली को आउट किया था और फिर से दिसंबर 2020 में पैट कमिंस ने कोहली को एडिलेड टेस्ट में अपना शिकार बनाया था।

चेतेश्वर पुजारा vs नाथन लियोन
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कई मौकों पर भारत की जीत में अहम योगदान निभा चुके चेतेश्वर पुजारा टेस्ट टीम के अहम खिलाड़ी हैं। पुजारा ने टेस्ट टीम में राहुल द्रविड़ की की जगह को भरने की पूरी कोशिश की है। पुजारा ने हमेशा ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ अपना स्वाभाविक खेल खेला है। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी अटैक में नाथन लियोन ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने पुजारा को हमेशा टारगेट किया है। 2018 के भारत दौरे पर लियोन ने यह खुलासा भी किया था कि उन्होंने पुजारा को लेकर काफी मजबूत तैयारी की है।
वैसे पुजारा उन बल्लेबाजों में शुमार हैं, जो स्पिन गेंदबाजी को बहुत अच्छे से खेलते हैं। नाथन लियोन की तमाम तैयारियों के बावजूद भी पुजारा इस बैटल में हावी रहे हैं। पुजारा ने नाथन लियोन के खिलाफ 1158 गेंदों में 52.1 के औसत और 521 रन बनाए हैं। वहीं नाथन लियोन ने पुजारा को 10 बार आउट किया है।

स्टीव स्मिथ vs रवींद्र जडेजा
स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के महान टेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं तो वहीं रवींद्र जडेजा भारतीय टीम के बेस्ट ऑलराउंडर हैं। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की यह बैटल सबसे रोमांचक बैटल है। स्मिथ इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं तो वहीं जडेजा नागपुर में होने वाले पहले टेस्ट मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेंगे। जडेजा करीब 6 महीने बाद भारतीय टीम में लौट रहे हैं। वो चोट की वजह से इतने महीने क्रिकेट से दूर थे। जडेजा और स्मिथ के बीच की यह बैटल अभी तक बैलेंस रही है। रेड बॉल क्रिकेट में स्मिथ ने जडेजा के खिलाफ 534 गेंदों में 45.2 की औसत से 181 रन बनाए हैं। वहीं जडेजा ने स्मिथ को चार बार आउट किया है।












Click it and Unblock the Notifications