IND vs AUS: गेंदबाजों ने डुबाई भारतीय टीम की लुटिया, ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से जीता मैच
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को जबरदस्त शुरुआत दिलाई।
नई दिल्ली, 20 सितंबर। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। कैमरून ग्रीन ने महज तीस गेंदों में 8 चौके और चार छक्के की मदद से 61 रन बनाए। कप्तान एरोन फिंच ने 13 गेंदों में 22 तो वहीं स्टीव स्मिथ ने 24 गेंदों में 35 रन बनाने का काम किया। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 30 गेंदों में 61 रनों की जरूरत थी। टिम डेविड और मैथ्यू वेड ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाने का काम किया। वेड ने 21 गेंदों में 45 रन बनाए।

अक्षर पटेल ने झटके 3 विकेट
भारत की तरफ से सबसे कम रन देने वाले गेंदबाज अक्षर पटेल रहे। अक्षर पटेल ने 4 ओवर के अपने स्पेल में 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लंबे समय बाद टीम में वापसी करने वाले उमेश यादव काफी महंगे रहे। उमेश यादव ने अपना आखिरी मुकाबला भारत के लिए विराट कोहली की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही खेला था। इस मुकाबले में भले ही उन्होंने विकेट झटका हो, लेकिन वह टीम के लिए महंगे रहे।

उमेश यादव ने एक ओवर में झटके दो विकेट
शुरुआती ओवर में 16 रन खर्च करने के बाद उमेश यादव को 12वें ओवर में कप्तान रोहित शर्मा ने वापस गेंदबाजी के लिए बुलाया। उमेश यादव ने पहले स्टीव स्मिथ और फिर ग्लेन मैक्सवेल का विकेट झटककर भारत की मैच में वापसी करा दी। इन दोनों ही विकेट को अंपायर ने नाकार दिया था, जिसके बाद रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया और दोनों बार वो सही साबित रहे।

भारत ने बनाए 208 रन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए। भारत के लिए केएल राहुल और हार्दिक पंड्या ने अर्धशतक जड़ने का काम किया। वहीं सूर्यकुमार यादव ने अहम 46 रन बनाए। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तेज गति से रन बनाने की शुरुआत की और इस कोशिश में लगातार विकेट गिरते रहे।

पंड्या और राहुल ने जड़ा अर्धशतक
हार्दिक पंड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पहले 25 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अगली पांच गेंदों में 21 रन जड़ दिए। पंड्या की इस पारी की बदौलत भारत की टीम 200 का आंकड़ा पार करने में सफल रही। हार्दिक पंड्या ने 30 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली। इसके अलावा केएल राहुल ने 55 , वहीं सूर्य कुमार यादव ने 46 रन बनाने का काम किया। रोहित आज एक बार फिर बल्ले से बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 11 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर आउट हो गए।












Click it and Unblock the Notifications