IND vs AUS: सिडनी में धमाकेदार जीत के बाद भारत को बड़ा झटका, टीम का मैच विनर खिलाड़ी हुआ बाहर
IND vs AUS Big blow to India: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पसली में चोट लगने के कारण कम से कम तीन हफ्तों के लिए क्रिकेट से दूर रहेंगे। अय्यर को यह चोट तब लगी जब उन्होंने हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का शानदार कैच पकड़ा।
फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए अय्यर (IND vs AUS Big blow to India)
बैकवर्ड पॉइंट पर फील्डिंग कर रहे अय्यर ने गेंद को पकड़ने के लिए पीछे की ओर दौड़ लगाई और एक मुश्किल कैच लपका। लेकिन जमीन पर जोर से गिरने के कारण उनकी बाएं पसली के पिंजरे पर ज़ोरदार झटका लगा। कैच लेने के बाद अय्यर दर्द में दिखाई दिए और उन्हें तुरंत फ़ील्ड से बाहर ले जाया गया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि अय्यर को मैच के दौरान ही स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

कम से कम तीन हफ्तों के लिए बाहर हुए अय्यर
सूत्र के अनुसार शुरुआती जांच के मुताबिक उन्हें झटका लगा है और वह कम से कम तीन हफ्तों के लिए एक्शन से बाहर रहेंगे। उन्हें वापसी पर नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिपोर्ट करना होगा। हालांकि, चोट की पूरी गंभीरता और रिकवरी टाइम अभी पूरी तरह साफ़ नहीं है। सूत्र ने यह भी बताया कि अगर यह चोट हेयरलाइन फ्रैक्चर निकली, तो उन्हें ठीक होने में ज़्यादा समय लग सकता है।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज से हो सकते हैं बाहर
इस चोट के कारण अय्यर के 30 नवंबर को रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पहले वनडे में खेलने पर अनिश्चितता छा गई है। बीसीसीआई सूत्र ने इस पर कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी। अगर खेल में वापसी से पहले तीन सप्ताह का समय लगता है तो 30 नवंबर तक उनके लिए मामला 'टच एंड गो' हो सकता है। श्रेयस अय्यर के बाहर रहने से टीम इंडिया की मध्यक्रम की बल्लेबाज़ी प्रभावित हो सकती है।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में कप्तान रोहित शर्मा (121) और विराट कोहली (74) की शानदार पारियों ने सुनिश्चित किया कि अय्यर को बल्लेबाज़ी के लिए न आना पड़े और भारत ने 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि अय्यर जल्द ही ठीक होकर मैदान पर वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications