IND vs AUS: कैमरन ग्रीन ने जड़ा करियर का पहला टेस्ट शतक, उस्मान ख्वाजा 150 पार, ऑस्ट्रेलिया मजबूत
कैमरन ग्रीन और उस्मान ख्वाजा के बीच जबरदस्त साझेदारी ने स्टीव स्मिथ का पहले बैटिंग करने का फैसला पूरी तरह से सही साबित कर दिया है। खवाजा पहले से बड़ा शतक लगाकर खेल रहे हैं, अब ग्रीन ने भी सैंकड़ा जड़ दिया है।

अहमदाबाद टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का स्टीव स्मिथ का फैसला पूरी तरह से सही साबित हो रहा है क्योंकि बल्लेबाजी के लिए बेहद आसान पिच पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे हैं और ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने अपने करियर का पहला टेस्ट शतक भी इसी पिच पर बना दिया है। ये एक ऐसी पिच है जिस पर तेज गेंदबाजी जूझ रहे हैं और स्पिनरों के लिए अभी लगातार बढ़िया टर्न मौजूद नहीं है।
उस्मान ख्वाजा के बाद कैमरन ग्रीन का भी शतक
यहां आंख जमाने के बाद बल्लेबाजी कितनी आसान है ये कैमरन ग्रीन और उस्मान ख्वाजा की बैटिंग से समझा जा सकता है जिन्होंने बिना किसी दिक्कत के आराम से बड़े स्कोर किए। ख्वाजा जहां दूसरे दिन लंच से पहले अपने 150 रन पूरे करके मौजूदा सीरीज में 300 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने तो वहीं ग्रीन ने भी बड़ी साझेदारी में अहम रोल निभाते हुए शतक पूरा किया। लंच तक ही इन दोनों के बीच 177 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी थी जिसमें 95 रन ग्रीन के थे।
कैमरन ग्रीन एक ऑलराउंडर हैं जो शुरुआती दो टेस्ट मैचों में चोट के चलते शिरकत नहीं कर पाए थे और ऑस्ट्रेलिया टीम का बैलेंस काफी हद तक ठीक नहीं हो पा रहा था लेकिन अब उनकी मौजूदगी के बाद से यह संतुलन ठीक हो गया है। ग्रीन ने 143 गेंदों पर 16 चौके लगाकर साबित किया कि तेज पारी के लिए छक्के की जरूरत नहीं है।
दाए हाथ का ये खिलाड़ी अभी तक 20 टेस्ट मैच खेल चुका है और उनके नाम 6 अर्धशतक हैं। उन्होंने वनडे में 13 मुकाबले खेले हैं और 1 अर्धशतक लगाया है। गेंदबाजी के मोर्चे पर उनको काफी कुछ हासिल करना बाकी है क्योंकि वे टेस्ट में अभी 23 ही विकेट ले पाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की टीम इस सीरीज में अब आसानी से हारती नहीं दिख रही है। इस मैच का रिजल्ट किस और जाएगा यह काफी हद तक पहली पारी में भारत की जवाबी बैटिंग और पिच के टर्न पर निर्भर करेगा। उम्मीद की जा रही है कि पिच चौथे और पांचवे दिन काफी टर्न देगी और यहां पर नतीजा मिल जाएगा। लेकिन रोहित खुद कह चुके हैं अभी कोई नहीं जानता विकेट कब टर्न करेगा।












Click it and Unblock the Notifications