IND vs AUS: अश्विन के खौफ से डरे स्मिथ, घबराकर क्रीज में भाग खड़े हुए, वीडियो वायरल
दिल्ली टेस्ट मैच के तीसरे दिन यह घटना देखने को मिली, अश्विन की गेंदबाजी के दौरान स्मिथ को नॉन स्ट्राइक पर रन आउट होने का डर था।

IND vs AUS 2nd Test: दिल्ली टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में पूरी तरह से बिखर गई और टीम इंडिया के सामने टिक नहीं पाई। कल शाम की तरह ऑस्ट्रेलियाई टीम तेजी से बल्लेबाजी करने में नाकाम रही और एक के बाद एक बल्लेबाज आउट होते चले गए। इस दौरान अश्विन ने कुछ ऐसा किया, जिससे स्टीव स्मिथ एकदम सहम गए। नॉन स्ट्राइक छोर पर खड़े बल्लेबाज को हमेशा अश्विन से सतर्क रहना होता है और स्मिथ के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
स्मिथ बिलकुल डर गए थे
लाबुशेन क्रीज पर थे और अश्विन गेंदबाजी कर रहे थे। स्मिथ दूसरे छोर पर खड़े थे। इस दौरान अश्विन गेंद करते हुए रुक गए। क्रीज से बाहर जाने का प्रयास कर रहे स्मिथ नॉन स्ट्राइक छोर पर वापस अंदर आ गए। वह डर गए थे कि कहीं उनको रन आउट न कर दिया जाए। इसके बाद वह हाथ उठाकर कुछ इशारा करने लगे। स्मिथ को लगा कि अश्विन उनको आउट करने के लिए रुके हैं लेकिन ऐसा नहीं था। कुछ परेशानी के चलते अश्विन वापस अपने रन-अप पर आ गए थे। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो गया।
पहले भी अश्विन ने ऐसा किया है
गौरतलब है कि नॉन स्ट्राइक छोर पर गेंद से पहले बाहर निकलने वाले बल्लेबाजों को आउट करने के पक्ष में अश्विन रहे हैं। वह कई बार कह चुके हैं कि गेंदबाज के पास अधिकार होता है और वह नियमों के तहत ही आउट करता है। वह आईपीएल में इस तरह जोस बटलर को पवेलियन की राह दिखा चुके हैं। ऐसे में स्मिथ को उनके बारे में अच्छी तरह पता था कि वह क्या कर सकते हैं।
रविन्द्र जडेजा ने की घातक गेंदबाजी
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय स्पिनरों का सामना नहीं कर पाई। ऑस्ट्रेलिया की टीम महज 113 रनों के स्कोर पर आउट हो गई। कल उनका स्कोर 1 विकेट पर 61 रन था लेकिन आज आते ही पारी बिखर गई। रविन्द्र जडेजा ने धमाकेदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 42 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा अश्विन के खाते में भी 3 विकेट आए। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को निपटा दिया।












Click it and Unblock the Notifications