IND vs AUS: भारत से करारी हार के बाद पैट कमिंस ने पिच को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया
भारतीय टीम ने नागपुर टेस्ट मैच तीसरे दिन जीत लिया, बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने धमाकेदार खेल का प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया।

IND vs AUS 1st Test: नागपुर में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पिच को लेकर कई तरह की चीजें कही जा रही थी। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया और पूर्व क्रिकेटरों में मोर्चा संभालकर भारत पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि टेस्ट समाप्त होने पर दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। बैटिंग के लिए ठीक पिच होने के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई टीम एक पारी और 132 रनों से हार गई। कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने पिच को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।

पिच को लेकर कमिंस ने दी प्रतिक्रिया
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि पहली पारी में विकेट खेलने के लायक था। ऐसा नहीं था कि इस पर खेला ना जा सके। हम इस पर 100 रन और बनाकर भारत पर दबाव बनाने का प्रयास कर सकते थे। पहले दिन विकेट इतना टर्न नहीं कर रहा था। शुरुआत मुश्किल थी लेकिन हमारे तीन से चार बल्लेबाजों ने पहली पारी के दौरान अच्छी शुरुआत प्राप्त की थी। वे अपने स्कोर को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए।

डेब्यू करने वाले टॉड मर्फी की सराहना हुई
ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला ही टेस्ट मैच खेल रहे टॉड मर्फी ने प्रभावित करने वाला प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत की पहली पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 विकेट अपने नाम किये और यादगार डेब्यू किया। कमिंस ने कहा कि डेब्यू पर मर्फी शानदार थे। वह गेंदबाजी के दौरान काफी प्रभावशाली थे। उन्होंने पहली पारी में काफी ओवर डाले थे।

भारतीय टीम अब सीरीज में आगे
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को नागपुर टेस्ट मैच के तीसरे दिन दूसरे सेशन तक 91 रनों के मामूली स्कोर पर निपटा दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम एक पारी और 132 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला हार गए। इस तरह टीम इंडिया ने 1-0 से मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए रोहित शर्मा ने शतक जड़ा। जडेजा और अक्षर पटेल ने अर्धशतक जमाए। जडेजा ने पहली पारी में 5 विकेट झटके। वहीँ दूसरी पारी के दौरान रविचंद्रन अश्विन ने 5 विकेट अपने नाम किये। अगला टेस्ट अब 17 फरवरी से दिल्ली में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications