IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, रोहित शर्मा को पछाड़ा
अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने अपने करियर का 71वां और टी20 इंटरनेशनल का पहला शतक जड़ा। कोहली का यह शतक 2 साल 9 महीने और 16 दिन बाद आया।
नई दिल्ली, 8 सितंबर: भारत और अफगानिस्तान की टीमें आज एशिया कप 2022 में पहली बार आमने-सामने हैं। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत शानदार रही। कप्तान केएल राहुल और विराट कोहली के बीच पहले विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान विराट कोहली ने अपने करियर का 71वां और टी20 इंटरनेशनल का पहला शतक जड़ा। कोहली का यह शतक 2 साल 9 महीने और 16 दिन बाद आया। इस दौरान विराट कोहली ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। उन्होंने रोहित शर्मा को भी पीछे दिया है।

रोहित शर्मा को पछाड़ा
अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर आए। उन्होंने आते ही बड़े शॉट लगाना शुरू किए। इस दौरान उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 33वां अर्धशतक जड़ा। इसके साथ ही वह टी20I में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। विराट कोहली ने अपने टी20I में 33 बाद पचास से ज्यादा स्कोर बनाया है। वहीं रोहित शर्मा ने 32 बार यह कारनामा किया है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम है, जिन्होंने 27 बार ऐसा किया है।
टी20I में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर
विराट कोहली: 33
रोहित शर्मा: 32
बाबर आजम: 27
डेविड वॉर्नर: 23
मार्टिन गुप्टिल: 22

रोहित के क्लब में शामिल हुए
विराट कोहली ने अफगानिस्तान के आते ही छक्के-चौके लगाना शुरू किए। विराट ने अफगानिस्तान के खिलाफ 12 चौके और 6 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में 171 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर मार्टिन गुप्टिल हैं जिन्होंने टी20I में सबसे ज्यादा 172 छक्के लगाए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर रोहित, तीसरे पर क्रिस गेल, चौथे पर इयोन मोर्गन और पांचवें नंबर पर एरॉन फिंच हैं। इसके अलावा कोहली टी20 इंटरनेशनल में 3500 रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले रोहित शर्मा ने यह कारनामा किया था।

विराट कोहली का करियर
कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में अब तक 102 टेस्ट मैच की 173 पारियों में 49.53 की औसत और 55.68 के स्ट्राइक रेट से 8074 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 28 अर्धशतक और 27 शतक जड़े हैं। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 254 रन है। 262 एकदिवसीय मुकाबलों में कोहली ने 57.68 की औसत और 92.83 के स्ट्राइक रेट से 12344 रन जड़े हैं। कोहली ने वनडे में 64 अर्धशतक और 43 शतक ठोके हैं। वहीं 104 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 3584 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 32 अर्धशतक और एक शतक जड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications