IND V PAK : दिनेश कार्तिक ने बीच मैदान में हार्दिक को झुक कर सलाम क्यों किया?
नई दिल्ली, 29 अगस्त: मोहम्मद नवाज का 20वां ओवर। चौथी गेंद पर जैसे ही हार्दिक ने छक्का लगाया, भारतीय समर्थकों के शोर से पूरा स्टेडियम गूंजने लगा। नॉन स्ट्राइकर इंड पर खड़े दिनेश कार्तिक भी हार्दिक के इस झन्नाटेदार शॉट पर मंत्रमुग्ध हो गये। वे हार्दिक के सामने पहुंचे। हाथ में बल्ला थामे सिर झुका कर हार्दिक को सलाम किया। एक बार नहीं बल्कि दो बार। फिर बल्ले को थपथपा कर उनका इस्तकबाल किया। हार्दिक कार्तिक की तरफ देखते रहे। एक मंद मुस्कान उनके होठों पर आयी फिर वे शांतचित्त हो गये। हार्दिक ने जो कारनामा किया, वो इस इज्जत के हकदार थे भी। टीम के सबसे वरिष्ठ सदस्य दिनेश कार्तिक ने बीच मैदान पर हार्दिक को जो सम्मान दिया वह अनुकरणीय और दर्शनीय था। यह दृश्य बता रहा था कि भारत की टीम भावना कितने उच्च स्तर पर पहुंच गयी है। यह भारतीय क्रिकेट टीम की नयी तस्वीर है।

आत्मविश्वास से भरे हार्दिक
20वें ओवर की पहली ही गेंद पर रवीन्द्र जडेजा बोल्ड हो गये थे। जब जडेजा बोल्ड हुए तब हार्दिक सिर पकड़ कर बैठ गये। फिर हंसने लगे। नवाज की वो गेंद विकेट में जरूर थी लेकिन वो मारने वाली थी। 19वें ओवर में हार्दिक पाकिस्तान के सबसे तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को तीन चौका मार चुके थे। वे आत्मविश्वास से भरे हुए थे। हार्दिक सोच रहे थे कि जडेजा इस गेंद पर बड़े हिट लगा कर मैच को जल्द फिनिश करेंगे। जडेजा ने छक्के के लिए बल्ला घुमाया भी था लेकिन गेंद धीमी थी और वह देर से आयी। शॉट मिसटाइम हुआ और जडेजा बोल्ड हो गये। फिर दिनेश कार्तिक मैदान पर उतरे। जब कार्तिक मैदान में जा रहे थे तब भारतीय समर्थक जोश में चिल्ला रहे थे डीके ! डीके !। भारत को जीत के लिए 5 गेंदों पर 7 रन बनाने थे।

हार्दिक की लय देख कार्तिक ने उन्हें स्ट्राइक दी
पांचवीं गेंद दिनेश कार्तिक को खेलनी थी। उनकी भूमिका के हिसाब से मंच तैयार था। कार्तिक चाहते तो खुद मैच को फिनिश कर सकते थे। लेकिन कार्तिक ने इस अहम मुकाम पर कोई जोखिम नहीं लिया। हार्दिक लय में थे और कार्तिक उनकी क्षमता से वाकिफ थे। कार्तिक ने दूसरी गेंद पर एक रन ले लिया। अब स्ट्राइक हार्दिक के पास थी। हार्दिक पिछले ओवर में रऊफ की पिटाई कर चुके थे। इसलिए उन्हें भरोसा था कि स्पिनर नवाज को वे आसानी से निशाना बना सकते हैं। लेकिन नवाज की तीसरी गेंद पर हार्दिक कोई रन नहीं बना सके। अब भारत को 3 गेंदों पर 6 रन बनाने थे।

तनाव में थे फैंस
भारतीय समर्थक थोड़े तनाव में आ गये । लेकिन हार्दिक बिल्कुल शांत खड़े रहे। उन्हें खुद पर भरोसा था। नवाज ने चौथी गेंद फेंकी। दुबले पतले हार्दिक की कलाइयों में फौलाद की ताकत है। उन्होंने इतना शक्तिशाली प्रहार लगाया कि गेंद जमीन से कुछ ऊपर रहते हुए लौंगऑन बाउंड्री के पार जा गिरी। छक्का लगते ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ यह रोमांचक मुकाबला जीत लिया। हार्दिक जीत के नायक थे। तीन विकेट लेने के बाद उन्होंने 17 गेंदों पर 33 रन बनाये थे। 37 साल के कार्तिक ने हार्दिक के प्रति जो सम्मान दिखाया, वह दिल को छू लेने वाला था।

इसलिए जडेजा को भेजा पहले
भारत अब एक-दो खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहना चाहता। अधिक से अधिक खिलाड़ियों की क्षमता को उभारने के लिए नयृनये प्रयोग हो रहे हैं। जैसा कि रोहित शर्मा ने कहा था, नतीजा चाहे जो हो, हम नये प्रयोग करते रहेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने किया। विरोट कोहली के आउट होने के बाद रवीन्द्र जडेजा को बैटिंग के लिए भेजना, भारत के लिए एक कामयाब दांव साबित हुआ। बहुत लोग ये सोचने लगे कि सूर्य कुमार यादव के रहते जडेजा को पहले बैटिंग के लिए क्यों भेज दिया गया ? लेकिन मैच के नतीजे के बाद इस सवाल का जवाब मिल गया। जडेजा ने सूर्य कुमार यादव के साथ 31 गेंदों पर 36 रन की साझेदारी की। फिर जड्डू ने पांडया के साथ मिल कर 29 गेंदों पर 52 रन की साझेदारी की। इन दो अहम साझेदारियों के दम पर ही भारत इस मैच में वापस आ पाया था। जडेजा ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 गेंदों पर 35 रन बनाये थे।

दो ऑलराउंडरों ने पार लगायी नैया
पाकिस्तान के नये तेज गेंदबाजों के सामने भी भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज दबाव में आ गये थे। वो तो खैर थी कि पाकिस्तान बड़ा स्कोर नहीं बना पाया था। 14.2 ओवर में 89 रन पर भारत के चार विकेट गिर चुके थे। राहुल, रोहित, कोहली और सूर्य कुमार यादव आउट हो चुके थे। तब हार्दिक पांड्या और रवीन्द्र ज़डेजा ने भारत की नैया पार लगायी। जब स्थापित बल्लेबाज नाकाम हो गये तब जीत का रास्ता दो हरफनमौला खिलाड़ियों ने तैयार किया। पिछले साल टी-20 विश्वकप में हार्दिक और जडेजा ऐसा नहीं कर पाए थे। लेकिन गुजरे दस महीनों में ये दोनों अब बिल्कुल बदल गये हैं। जडेजा ने दिखा दिया कि वे वैसे तेज गेंदबाजों पर भी छक्का लगा सकते हैं जिनकी रफ्तार 144 KM/H से अधिक है। उन्होंने नसीम शाह के 18 वें ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया। एक छक्का उन्होंने स्पिनर नवाज की गेंद पर लगाया था। इस जीत से भारत को 'मिशन मेलबर्न' के लिए एक नया जोश मिला है।












Click it and Unblock the Notifications