ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों का कहर, रोमांचक मैच में भारत ने श्रीलंका को रौंदा
IND A vs SL A: श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के मुकाबले में भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए। टीम की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान तिलक वर्मा ने भी जिम्मेदारी भरी अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में खेलते हुए श्रीलंकाई टीम स्कोर के करीब जाकर मैच हार गई।
भारत ए की शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 12 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके लगाए।

प्रियांश आर्या और ऋतुराज ने संभाली पारी
शुरुआती झटकों के बाद प्रियांश आर्या और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालने की कोशिश की। प्रियांश ने 32 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 114 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। मुश्किल परिस्थितियों में खेली गई यह पारी भारत ए के लिए बेहद अहम साबित हुई।
कप्तान तिलक वर्मा ने निभाई जिम्मेदारी
ऋतुराज का साथ कप्तान तिलक वर्मा ने बखूबी निभाया। तिलक ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 97 गेंदों में 60 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी ने भारत ए को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया।
निचले क्रम ने किया जोरदार फिनिश
अंतिम ओवरों में आयुष बडोनी और सूर्यांश शेडगे ने तेजी से रन जुटाए। बडोनी ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 26 रन ठोक दिए। उनकी पारी में एक चौका और दो छक्के शामिल रहे। अंत में अनुकूल रॉय 2 गेंदों में 1 रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत ए को अतिरिक्त रनों के रूप में 17 रन मिले, जिसमें 16 वाइड शामिल थे। श्रीलंका ए के गेंदबाजों ने दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने नियमित अंतराल पर साझेदारियां बनाकर स्कोर को 277 तक पहुंचा दिया।
लक्ष्य के करीब जाकर श्रीलंका की हार
278 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की टीम ने शानदार लड़ाई दिखाई, लेकिन जीत से महज 8 रन दूर रह गई। टीम 48.5 ओवर में 269 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सलामी बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (47) और अविष्का फर्नांडो (45) ने तेज शुरुआत दी, जबकि सदीरा समरविक्रमा ने 46 रन बनाकर पारी को आगे बढ़ाया। कप्तान सहान अराचिगे ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 72 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
मध्यक्रम में रविंदु फर्नांडो (1) और चमिका करुणारत्ने (9) बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन वानुजा सहान ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और अंतिम क्षणों में लगातार विकेट लेकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत ए की ओर से आयुष बडोनी ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 2 अहम विकेट झटके। अनुकूल रॉय, विपराज निगम, अंशुल कंबोज और अरशद खान ने भी महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। भारत ए ने 8 रन से जीत दर्ज कर त्रिकोणीय सीरीज का शानदार आगाज किया।












Click it and Unblock the Notifications