IND vs PAK: महिला विश्वकप में किसका पलड़ा रहा है भारी, देखें हेड टू हेड रिकॉर्ड
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला विश्वकप 2022 का आगाज हो चुका है, जिसके पहले मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने आखिरी ओवर के रोमांच में न्यूजीलैंड को ही मात दी, तो वहीं पर नैटली स्कीवर के शतक के बावजूद इंग्लैंड की महिला टीम आखिरी ओवर में जीत हासिल नहीं कर सकी और ऑस्ट्रेलिया की टीम 311 रनों का बचाव कर पाने में सफल होकर 12 रन से मैच जीत गई। इसके अलावा साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच भी रोमांचक मैच देखने को मिला जहां पर अपने गेंदबाजों के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम 207 रनों का बचाव करने में कामयाब रही और 32 रनों से मैच जीत गई।

महिला विश्वकप के पहले 3 मैचों में फैन्स को अब तक रोमांच का जबरदस्त तड़का देखने को मिला है, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट के चौथे मैच में भी इसके जारी रहने की उम्मीद होगी। महिला विश्वकप 2022 का चौथा मैच भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच माउंट मुगलेइ के बेओवल मैदान पर खेला जाना है। इसके साथ ही दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत भी करेंगी।
और पढ़ें: IND vs SL: शतकों के सूखे पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, बताया किस वजह से नहीं आ रही बड़ी पारी

महिला विश्वकप में भारत से कभी नहीं जीता पाकिस्तान
भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच यह महिला विश्वकप के वनडे प्रारूप में यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ 3 बार भिड़ चुकी हैं और पुरुष टीम की तरह ही यहां पर भारतीय महिला टीम का पलड़ा भारी है। भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गये विश्व कप के हर मैच में जीत हासिल की है। आखिरी बार दोनों टीमों का मुकाबला 2017 के विश्वकप के दौरान हुआ था, जहां पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को महज 74 रन पर ऑलआउट कर 95 रनों की बड़ी जीत हासिल की थी। भारतीय टीम के लिये इस मैच में एकता बिष्ट ने 5 विकेट हॉल लिया था, जबकि मानसी सिंह के खाते में 2 विकेट आये थे।

वनडे में भारत ने जीते हैं सभी मैच
महिला विश्वकप के अलावा बात करें तो भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच 10 बार भिड़ंत हो चुकी है और भारतीय टीम यहां पर भी अजेय रही है। भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 6 बार एशिया कप, 3 बार विश्वकप और एक बार आईसीसी के विश्वकप क्वालिफायर मैच में मात दी है। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले जाने वाले मैच में जब दोनों टीमों का सामना होगा और अगर मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय टीम जीतने में कामयाब रहती है तो यह उसकी 11वीं जीत होगी।

इस बार विश्वकप जीतने का सपना पूरा करने पर भारत की निगाह
भारतीय टीम विश्वकप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज में 4-1 से हारकर जरूर आ रही है, लेकिन उसने विश्वकप से पहले खेले गये दोनों वार्म अप मैच में शानदार तरीके से जीत हासिल की है। भारतीय टीम पिछले विश्वकप में खिताब जीतने से एक कदम दूर रह गई थी और फाइनल में इंग्लैंड से हार गई थी, हालांकि इस बार कप्तान मिताली राज और सीनियर गेंदबाज झूलन गोस्वामी के अंतर्राष्ट्रीय करियर के अंत को करीब देखते हुए टीम हर हाल में इस खिताब को जीतने की कोशिश करेगी। महिला विश्वकप के इस टूर्नामेंट का आयोजन राउंड रोबिन फॉर्मेट में किया जा रहा है, जिसके चलते हर टीम को विश्वकप में भाग लेने वाली हर टीम के खिलाफ कम से कम एक मैच खेलना है। आपको बता दें कि मैच का सीधा प्रसारण सुबह 6:30 बजे से स्टार स्पोर्टस नेटवर्क और हॉटस्टार पर देखा जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications