6 साल बाद करियर की सबसे खराब टेस्ट रैंकिंग पर पहुंचे कोहली, अश्विन ने तीनों विभागों में मारी उछाल
आईसीसी ने भारत द्वारा बांग्लादेश को 2-0 से हराने के बाद अपनी टेस्ट रैंकिंग को अपडेट किया है जहां पर विराट कोहली को 6 साल बाद सबसे खराब रैंकिंग हासिल हुई है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बुधवार को टेस्ट रैंकिंग को अपडेट किया है जिसमें भारत द्वारा पिछले सप्ताह बांग्लादेश पर 2-0 से हासिल की हुई टेस्ट जीत को भी शामिल किया गया है। इस सीरीज में भारत के खिलाड़ियों ने अच्छे प्रदर्शन के दम पर ताजा रैंकिंग में काफी अच्छा उछाल भी हासिल किया है। टीम इंडिया को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में एक नाटकीय जीत मिली थी जहां पर 145 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए मेहमान टीम 74 रन पर ही 7 विकेट गंवा चुकी थी लेकिन रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर के बीच बनी नाबाद 71 रनों की साझेदारी ने मुकाबला टीम इंडिया को जीता दिया।
रविचंद्रन अश्विन की उछाल
अश्विन ने 42 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी और ऑलराउंडर विभाग में बेहतरीन जंप हासिल की है। उन्होंने दूसरे टेस्ट मैच में 6 विकेट लिए थे जिसके चलते अपने टीम साथी जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर आ गए हैं। इन दोनों के 812 रेकिंग पॉइंट हैं।
अश्विन ऑलराउंडरों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं जहां पहले स्थान पर 369 पॉइंट के साथ रविंद्र जडेजा नंबर एक पर बैठे हैं। वही अश्विन बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में भी तीन स्थान की छलांग लगाकर 84वें स्थान पर पहुंच चुके हैं और उन्होंने साबित किया है कि वे वाकई में एक विशुद्ध ऑलराउंडर हैं।
विराट कोहली का टेस्ट मैचों में पतन जारी
हालांकि भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का टेस्ट मैचों में पतन जारी है और अभी इस फॉर्मेट में पुराना खराब फॉर्म उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। वे बांग्लादेश के खिलाफ भी कुछ नहीं कर पाए जिसके चलते आईसीसी रैंकिंग में दो स्थान नीचे खिसकते हुए 14वें स्थान पर पहुंच चुके हैं। दूसरे टेस्ट मैच में विराट कोहली ने 24 व 1 रनों की पारी खेली थी। विराट कोहली अंतिम बार नवंबर 2016 में टेस्ट रैंकिंग में इस स्थान पर मौजूद थे। कोहली के 676 रेटिंग पॉइंट हैं।
दूसरी ओर श्रेयस अय्यर ने 10 अंकों की उछाल हासिल की है और वे 16 वें स्थान पर पहुंच चुके हैं। उनके 666 रेटिंग पॉइंट्स हैं। वहीं गेंदबाजी में अनुभवी उमेश यादव को भी बढ़िया जंप मिला है क्योंकि 35 साल का यह गेंदबाज पांच स्थान की छलांग लगाते हुए 33 वें स्थान पर पहुंच चुका है।
अब ऑस्ट्रेलिया से होगी टेस्ट सीरीज
भारतीय टीम टेस्ट सीरीज जीत के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति थोड़ी मजबूत कर रही है क्योंकि आस्ट्रेलिया में मौजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम लगातार हार की ओर बढ़ रही है। टीम इंडिया अब 3 जनवरी से फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापस लौटेगी जब वे श्रीलंका की मेजबानी मुंबई में करेंगे जहां पर तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। जहां तक टेस्ट मैचों की बात है तो ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत का दौरा करेगी और टीम इंडिया चार मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications