ICC Test Rankings 2024: बाबर आजम पर टूटा दुखों का पहाड़! रैकिंग में हुआ बुरा हाल, रूट का दबदबा बरकरार
ICC Test Rankings 2024: बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू मैदान पर 2-0 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान को हर तरफ से आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद अब पूर्व कप्तान बाबर आज़म आईसीसी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-10 से बाहर हो गए हैं।
चिंताजनक रहा है बाबर आजम का प्रदर्शन
दिसंबर 2019 के बाद यह पहली बार है जब बाबर टॉप-10 में शामिल नहीं हैं। बाबर का हालिया प्रदर्शन चिंताजनक रहा है, क्योंकि उन्होंने अपनी पिछली 16 टेस्ट पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बनाया है। बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उनका संघर्ष साफ नजर आया था, जहां उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 64 रन बनाए।

इंग्लैंड के जो रूट बैटिंग चार्ट में टॉप पर
इंग्लैंड के जो रूट 922 रेटिंग पॉइंट के साथ ICC टेस्ट बैटिंग चार्ट में टॉप पर बने हुए हैं। उनके बाद न्यूज़ीलैंड के केन विलियमसन हैं, जिनके 859 पॉइंट हैं। रूट अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 923 से सिर्फ़ एक अंक दूर हैं, जो उन्होंने जुलाई 2022 में एजबेस्टन में भारत के खिलाफ़ शतक लगाकर हासिल किया था।
रूट ने शानदार प्रदर्शन के दम पर बनाई जगह
रूट का प्रदर्शन शानदार रहा है, खासकर श्रीलंका के खिलाफ। उन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में दो शतक बनाए और एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट मैचों में इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज़्यादा शतक लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया। इस तरह उनके शतकों की संख्या 34 हो गई।
टॉप भारतीय बल्लेबाज
रोहित शर्मा छठे स्थान पर भारत के हाईएस्ट रैंकिंग वाले टेस्ट बल्लेबाज बने हुए हैं। उनके बाद यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली हैं, जो क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर हैं। तीनों के पास 19 सितंबर से शुरू होने वाली घरेलू सीरीज में बांग्लादेश का सामना करने पर अपनी रैंकिंग में सुधार करने का मौका है।
मोहम्मद रिज़वान टॉप-10 में एकमात्र बल्लेबाज
बाबर आज़म की रैंकिंग में गिरावट का मतलब है कि मोहम्मद रिज़वान अब ICC टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष 10 में एकमात्र पाकिस्तानी बल्लेबाज़ हैं। रिजवान 720 रेटिंग पॉइंट के साथ दसवें स्थान पर हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में हुई सीरीज ने टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की समस्याओं को उजागर किया। पहले मैच में, उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ दस विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- क्या PM मोदी के फैसले पर टिका है भारत का पाकिस्तान दौरा? चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर PAK दिग्गज ने किया कटाक्ष
ICC टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग
- जो रूट - 922 रेटिंग अंक
- केन विलियमसन - 859
- डेरिल मिशेल - 768
- स्टीव स्मिथ - 757
- हैरी ब्रूक - 753
- रोहित शर्मा - 751
- यशस्वी जायसवाल - 740
- विराट कोहली - 737
- उस्मान ख्वाजा - 728
- मोहम्मद रिजवान - 720












Click it and Unblock the Notifications