ICC Rankings: पाकिस्तान की धुलाई करने वाले ईशान किशन का फिर गूंजा नाम, वर्ल्ड कप में बल्ले से मचाई तबाही
ICC Rankings: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा आईसीसी (ICC) की ताजा रैंकिंग में भी साफ नजर आ रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ 40 गेंदों में 77 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। किशन अब 732 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के 8वें नंबर के टी20 बल्लेबाज बन गए हैं।
टॉप-10 में 4 भारतीय खिलाड़ी (ICC Rankings)
ईशान किशन की इस छलांग के साथ ही अब आईसीसी टी20 रैंकिंग के टॉप-10 में चार भारतीय बल्लेबाज शामिल हो गए हैं। किशन ने न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले उन्होंने नामीबिया के खिलाफ भी 61 रनों की उपयोगी पारी खेली थी।

अभिषेक शर्मा नंबर-1 पर बरकरार
हैरानी की बात यह है कि टूर्नामेंट में लगातार डक्स के बावजूद अभिषेक शर्मा 891 अंकों के साथ नंबर-1 के स्थान पर मजबूती से जमे हुए हैं। वह दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के फिल साल्ट से 83 अंक आगे हैं। टॉप-10 में अन्य भारतीयों में तिलक वर्मा (चौथे स्थान पर) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (छठे स्थान पर) शामिल हैं।
श्रीलंका और पाकिस्तान की ऐसी है स्थिति
रैंकिंग में अन्य बड़े बदलावों की बात करें तो श्रीलंका के पथुम निसांका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई, जिसका इनाम उन्हें रैंकिंग में तीसरे स्थान के रूप में मिला है। दूसरी ओर भारत के खिलाफ शून्य पर आउट होने वाले पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं।
ऑलराउंडर और गेंदबाजी रैंकिंग का हाल
पाकिस्तान के सैम अयूब एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 टी20 ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को टॉप स्थान छीन लिया है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। गेंदबाजी विभाग में भारत के वरुण चक्रवर्ती का राज कायम है और वे शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। जिम्बाब्वे के ब्रैड इवांस ने 10 पायदान की छलांग लगाकर 5वां स्थान हासिल किया है। भारत के अन्य प्रमुख गेंदबाज अक्षर पटेल (14वें), जसप्रीत बुमराह (15वें) और अर्शदीप सिंह (16वें) स्थान पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications