ICC ODI Rankings में शिखर धवन को मिली मात, शुबमन गिल और श्रेयस अय्यर ने मारी छलांग
ICC ODI Rankings में भारत के बल्लेबाज शिखर धवन को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है। धवन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी की थी और भारत ने वह प्रतियोगिता 2-1 से जीती थी। पर धवन की बैटिंग खास नहीं थी जिसके चलते वे इस रैंकिंग में लुढ़ककर 17वें स्थान पर आ गए हैं। धवन से आगे रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं लेकिन उनको भी वनडे सीरीज में ना खेलने का नुकसान हुआ है। ये खिलाड़ी भी ड्रॉप हुए हैं। कोहली अब एक स्थान नीचे 7वें और रोहित 8वें पर बने हुए हैं। पाकिस्तान की बैटिंग सनसनी बाबर आजम को 890 अंकों के चलते पहला स्थान मिला हुआ है।

श्रेयस अय्यर को तीन स्थानों की छलांग मिली
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर भी पाकिस्तानी ओपनर इमाम उल हक हैं। टी20 रैंकिंग में जबकि पाकिस्तान के दूसरे ओपनर मोहम्मद रिजवान का जलवा रहता है जो लगातार टॉप पर बने हुए हैं।
इस सीरीज में श्रेयस अय्यर ने अच्छा प्रदर्शन किया और इसका उन्हें फायदा मिला। संजू सैमसन भी टॉप 100 में आ गए हैं। उनको 93वां नंबर मिला है। वनडे में लगातार टॉप का खेल दिखा रहे शुबमन गिल ने दो स्थानों की छलांग के साथ 37वीं पोजिशन हासिल की है। श्रेयस अय्यर को तीन स्थानों की छलांग मिली है और वे 33वें नंबर पर हैं।

गेंदबाजी में कुलदीप यादव को फायदा
गेंदबाजी में कुलदीप यादव को फायदा मिल रहा है क्योंकि वे फॉर्म वापस हासिल कर चुके हैं। यादव ने अफ्रीका के खिलाफ अंतिम वनडे मुकाबले में चार विकेट चटकाए थे जिसके चलते उनको गेंदबाजों की वनडे रैंकिंग में सात स्थानों का फायदा मिला है और वे टॉप 25 में जगह बना चुके हैं। यहां नंबर एक पर कीवी पेसर ट्रेंट बोल्ट का जलवा है जिनके 775 अंक हैं। टॉप 10 में एकमात्र भारतीय बॉलर जसप्रीत बुमराह हैं जो जल्द ही यहां से भी बाहर हो सकते हैं क्योंकि वे चोट के बाद रिकवरी के दौर से गुजर रहे हैं और वनडे क्रिकेट के लिए कब तक फिट हो पाएंगे कोई कुछ कह नहीं सकता।

ऑलराउंडर में एक भी भारतीय खिलाड़ी टॉप 10 में नहीं
ऑलराउंडर में एक भी भारतीय खिलाड़ी टॉप 10 में नहीं है। शाकिब अल हसन 372 रेटिंग अंक के साथ नंबर एक पर बने हुए हैं। नंबर दो और तीन पर अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और राशिद खान का जलवा है। भारत के बेस्ट ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं। जबकि दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर बेन स्टोक्स इस लिस्ट में टॉप 20 से भी गायब हैं।












Click it and Unblock the Notifications