T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ICC ने बनाए नए नियम, अब ऐसे मिलेगी टीमों को सजा
नई दिल्लीः द्विपक्षीय टी20 क्रिकेट में कुछ नए नियम आए हैं। अब महिला और पुरुष टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में धीमे ओवर रेट के चलते इन-मैच पेनाल्टी लागू हो चुकी है। इसके अलावा पारी के बीच में एक ऑप्शनल ड्रिंक इंटरवल भी पेश किया गया है।

नए नियम के तहत अगर कोई टीम तय समय के अनुसार पारी के अंतिम ओवर की पहली गेंद फेंकने की स्थिति में नहीं होती है तो फिर तुरंत ही पेनाल्टी लग जाएगी जिसके अनुसार पारी में बचे बाकी ओवर में 30 गज के घेरे के बाहर एक फील्डर कम खड़ा होगा।
यह बदलाव आईसीसी की क्रिकेट कमेटी ने रिकमंड किए थे। यह कमेटी क्रिकेट में सुधार के लिए लगातार अपने सुझाव देती रहती है।
एक और बदलाव के तहत, दो मिनट और तीस सेंकेड का वैकल्पिक ड्रिंक ब्रेक भी हर पारी के बीच में लिया जा सकता है। यह फैसला तभी होगा जब हर सीरीज की शुरुआत में मेबर्स आपस में राजी हों।
नई खेल परिस्थितियों में खेला जाने वाला पहला पुरुष मैच 16 जनवरी को जमैका के सबीना पार्क में वेस्टइंडीज और आयरलैंड के बीच होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का पहला टी20 मैच 18 जनवरी को सेंचुरियन में होगा जो नई खेल परिस्थितियों में खेला जाने वाला पहला महिला मैच होगा।
जहां तक भारत का सवाल है, उन्हें अपना अगला टी20 मैच फरवरी में वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में खेलना है। कैरेबियाई टीम तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए भारत का दौरा करेगी। सीरीज का पहला टी20 मैच 15 फरवरी को खेला जाना है।
इस साल टी20 वर्ल्ड भी होना है जो ऑस्ट्रेलिया में होगा। यह लगातार दूसरा साल होगा जब टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा क्योंकि कोविड के चलते साल 2020 में यह प्रतियोगिता स्थगित हो गई थी और अब यही वर्ल्ड कप साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया में हो रहा है। इससे पहले साल 2021 में यूएई में टी20 वर्ल्ड कप हो चुका है जो ऑस्ट्रेलिया ने ही जीता था।












Click it and Unblock the Notifications