भारत चैंपियंस ट्रॉफी खेलने पाकिस्तान नहीं गया तो क्या होगा? क्या भारत के बिना हो जाएगा पूरा टूर्नामेंट
Champions Trophy 2025, latest News: पाकिस्तान अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी करने वाली है। लेकिन भारतीय टीम पाकिस्तान जाकर इस टूर्नामेंट हिस्सा लेगी, इसकी उम्मीद कम ही नजर आ रही है। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की तरफ से विवादास्पद गतिविधियां लगातार जारी है। ऐसे में भारतीय टीम का पाकिस्तान का दौरा करना बेहद मुश्किल दिखाई पड़ रहा है।
19 फरवरी से होगा टूर्नामेंट का आगाज
पाकिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से की जाएगी। इसका फ़ाइनल मैच 9 मार्च को लाहौर में होना है। मौजूदा राजनीतिक तनाव और सीमा विवाद के कारण भारत के पाकिस्तान आने की संभावना नहीं है। आईसीसी भारत के मुकाबले दुबई या श्रीलंका में आयोजित करा सकता है।

पाकिस्तान ने दी धमकी
भारत के पाकिस्तान नहीं जाने की रिपोर्ट आने के बाद से लगातार बयानबाजी का सिलसिला जारी है। जियो न्यूज उर्दू ने बताया कि पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप 2026 का बहिष्कार करने की धमकी दी है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी 19 से 22 जुलाई तक कोलंबो में होने वाली आईसीसी बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं।
क्या भारत के बिना हो जाएगा पूरा टूर्नामेंट
ऐसी खबरें भी है कि अगर भारत पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी खेलने नहीं गया तो फिर भारतीय टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा। भारत की जगह श्रीलंका इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकती है। लेकिन ऐसे होने की संभावना बेहद कम दिखाई पड़ती है। भारतीय टीम के बिना चैंपियंस ट्रॉफी को आयोजित करने से पाकिस्तान को ही बड़ा नुकसान होगा।
एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं गई थी भारतीय टीम
भारत ने आखिरी बार जुलाई 2008 में एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था। तब से पाकिस्तान तीन बार भारत का दौरा कर चुका है। भारत को पिछले साल एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान का दौरा करना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नतीजतन भारत के मैच श्रीलंका में आयोजित किए गए। जिससे पाकिस्तान को काफी वित्तीय नुकसान हुआ क्योंकि फाइनल भी उनके देश के बाहर खेला गया था।












Click it and Unblock the Notifications