क्रिकेट के पहले वर्ल्ड कप के 50 साल पूरे, ICC ने किया सेलिब्रेट, जानें क्या थी टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सबसे पहले क्रिकेट विश्व कप की वर्षगांठ मनाने का फैसला किया है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि क्रिकेट में पहला वर्ल्ड कप पुरुष नहीं बल्कि महिला विश्व कप था।
आईसीसी इस वर्ल्ड कप की 50वीं वर्षगांठ को सेलिब्रेट कर रहा है। इस टूर्नामेंटे का आयोजन 20 जून, 1973 से इंग्लैंड में किया गया था। इस मौके पर पांच सप्ताह, यानी 28 जुलाई तक पहले वर्ल्ड कप को याद किया जाएगा। 28 जुलाई को पहले वर्ल्ड कप के फाइनल मैच की सालगिरह है।

ICC इस दौरान सोशल मीडिया पर टूर्नामेंट से जुड़ी यादों को फोटो, आर्टिकल, इंटरव्यू के जरिए शेयर करता रहेगा। ये वर्ल्ड कप ऐसा इवेंट था जिसने बाद में महिला और पुरुष दोनों खेलों के लिए वर्ल्ड इवेंट की शुरुआत की। इस अवसर पर आईसीसी उस युग के नायकों को सलामी भी दे रहा है।
सबसे पहले वर्ल्ड कप में सात टीमें - ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, एक इंटरनेशनल 11, जमैका, न्यूजीलैंड, त्रिनिदाद और टोबैगो और यंग इंग्लैंड शामिल थीं। जमैका और न्यूजीलैंड के बीच टूर्नामेंट का पहला मैच बिना गेंद फेंके बारिश ने धो डाला था।
टूर्नामेंट इंग्लैंड द्वारा जीता गया था, जिसने 28 जुलाई, 1973 को एजबेस्टन में ऑस्ट्रेलिया को 92 रनों से हराया था, जिसमें विजेता कप्तान, राहेल हेहो-फ्लिंट को ट्रॉफी दी गई थी।
ऐसी बड़ी प्रतियोगिता उस समय बगैर स्पॉन्सरशिप के कराना आसाना नहीं था, इसलिए तब ब्रिटिश बिजनसमैन सर जैक हेवर्ड ने GBP 40000 की स्पॉन्सरशिप से पहली बार क्रिकेट विश्व कप को जीवंत कर दिया। ध्यान दें, क्रिकेट के सिवा किसी अन्य खेल में पुरुषों के विश्व आयोजन से पहले महिला विश्व कप नहीं हुआ था।
अब इतने महत्वपूर्ण अवसर को सेलिब्रेट करने के लिए, ICC ने सोशल मीडिया चैनलों पर कार्यक्रम की कई तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में जमैका की क्रिकेटर पॉलेट लिंच की एक तस्वीर शामिल है जो आईसीसी हॉल ऑफ फेमर हेहो-फ्लिंट के साथ हैं।
इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए 264 रनों के साथ एनिड बेकवेल टूर्नामेंट की टॉप रन स्कोरर थीं, जिन्होंने चार पारियों में 88.00 के औसत और 118 के हाई स्कोर के साथ दो शतक बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications