ICC ने गलती के लिए मांग ली माफ़ी, भारत को टेस्ट रैंकिंग में नम्बर दो पर भेजने का कारण बताया
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कुछ घन्टों के लिए भारतीय टीम को नम्बर एक और ऑस्ट्रेलिया को नम्बर दो दिखाया गया था, इसके बाद फिर से ऑस्ट्रेलिया को नम्बर एक पर भेज दिया गया।

ICC Test Rankings: आईसीसी रैंकिंग में गुरुवार को एक बड़ी गलती देखने को मिली थी। इसमें टेस्ट रैंकिंग जारी करते समय टॉप टीम को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। भारत को नम्बर एक पर रखने के कुछ समय बाद रैंकिंग में बदलाव किया गया और टीम इंडिया को वापस नम्बर दो पर धकेल दिया गया। इसके बाद फैन्स ने सोशल मीडिया पर इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बॉडी का मजाक उड़ाया। अपनी गलती को लेकर आईसीसी की तरफ से भी बयान आया है, आईसीसी ने इस भूल के लिए प्रतिक्रिया दी है।

आईसीसी ने मांग ली माफ़ी
एक बयान जारी करते हुए आईसीसी ने अपनी गलती के लिए माफ़ी मांग ली। बयान में कहा गया कि आईसीसी मानती है कि 15 फरवरी के दिन कुछ तकनीकी गड़बड़ की वजह से टेस्ट रैंकिंग में कुछ समय के लिए भारत नम्बर एक पर आ गया था। हम किसी भी तरह की असुविधा के लिए माफ़ी मांगते हैं। आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया नम्बर एक पर है। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज सीरीज समाप्त होने के बाद ताजा रैंकिंग में स्थिति यही है।

टीम इंडिया 5 घंटे रही नम्बर एक
इससे पहले भारतीय टीम को नम्बर एक पर दिखा दिया गया था। पांच घन्टों तक टीम इंडिया टॉप पर थी। बाद में आईसीसी ने इसमें बदलाव किया और ऑस्ट्रेलिया को वापस नम्बर एक पर रखा गया। इससे फैन्स को निराशा हुई और आईसीसी का मजाक बनाया गया। कई फैन्स ने कहा कि आईसीसी के पास पॉइंट्स गणना करने वाले कुछ अच्छे लोग होने चाहिए। ऐसे रैंकिंग एक मजाक बनकर रह गई है।

बांग्लादेश दौरे के समय भी हुआ ऐसा
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी ऐसा हुआ था। भारतीय टीम जब बांग्लादेश दौरे पर थी, उस समय टेस्ट रैंकिंग में कुछ इसी तरह की घटना देखने को मिली थी। टीम इंडिया को नम्बर एक और ऑस्ट्रेलिया को नम्बर दो पर रखा गया था। तीन घंटों तक टीम इंडिया पहले स्थान पर थी। इसके बाद रैंकिंग में बदलाव करते हुए ऑस्ट्रेलिया को टॉप स्थान दे दिया गया और भारतीय टीम दूसरे स्थान पर आ गई।












Click it and Unblock the Notifications