'शोएब अख्तर को मैंने कई बार बिजनेस दिलाया है,' वीरेंदर सहवाग का हैरान करने वाला खुलासा
वीरेंदर सहवाग और शोएब अख्तर को कुछ टीवी कार्यक्रमों में देखा गया है जहाँ उनके बीच मस्ती-मजाक भी हुआ है। अख्तर को लेकर सहवाग ने बड़ी बात कही है।

Virender Sehwag on Shoaib Akhtar: भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी वीरेंदर सहवाग अपनी बातों और किस्सों के लिए जाने जाते हैं। अपने साथ खेल चुके खिलाड़ियों की कहानियां वह बताते रहते हैं। इस बीच शोएब अख्तर को लेकर उनकी तरफ से एक बड़ा खुलासा देखने को मिला है। अख्तर को लेकर सहवाग ने कहा कि टीवी कार्यक्रमों में अख्तर को बिजनेस दिलाने का काम वही करते हैं। इसके अलावा भी सहवाग ने कुछ अन्य बातों का जिक्र भी किया।
रणवीर इलाहबादी के यूट्यूब चैनल पर पॉडकास्ट के दौरान सहवाग ने कहा कि मैंने पाकिस्तान से कई फ्रेंड बनाये हैं लेकिन शोएब अख्तर मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं। मैं उनकी टांग खिंचाई भी करता हूं और मैंने अख्तर को बिजनेस भी दिलाया है। यह सहवाग की तरफ से एक चौंकाने वाला खुलासा था।
वीरेंदर सहवाग ने कहा कि मैं किसी टीवी प्रोग्राम में होता हूं तो उनसे कहता हूं कि अख्तर को बुलाया जाये क्योंकि हमारी ट्यूनिंग काफी अच्छी है। भारत-पाकिस्तान पर एक डॉक्युमेंट्री बन रही है और मैंने कहा है कि इसमें अख्तर को शामिल किया जाए। मैं आश्वस्त हूं कि हम दोनों की पार्टनरशिप को फैन्स काफी पसंद करेंगे।
सहवाग ने यह भी कहा कि असल जीवन में शोएब अख्तर काफी अच्छे इंसान हैं लेकिन कैमरे के सामने आते ही पता नहीं उनको क्या हो जाता है। कैमरे के सामने अख्तर काफी अलग होते हैं। उन्होंने मुझसे कहा है कि कैमरे के सामने मेरा मजाक मत उड़ाना। मुझे उनके साथ बातचीत करने में काफी मज़ा आता है। दोस्त है इसलिए मैं उनकी टांग भी खींचता रहता हूं।
गौरतलब है कि सहवाग ने इस पॉडकास्ट में काफी सारी बातों का जिक्र किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि मैं हमेशा गाने इसलिए गाता था ताकि मेरे दिमाग में हर गेंद को शॉट मारने का विचार न आये। मेरा दिमाग उस तरफ न जाए, इस वजह से मैं गाने गाते हुए क्रिकेट खेलता था और इससे मुझे मदद भी मिलती थी।












Click it and Unblock the Notifications