हार्दिक पांड्या के एक थ्रो ने BCCI को लगाई लाखों की चपत, IPL के आयोजकों की बढ़ी चिंता
मुंबई, 17 अप्रैल। तकरीबन दो साल तक स्टेडियम में बिना दर्शकों की मौजूदगी के आईपीएल का आयोजन किया गया,जिसके बाद एक बार फिर से आईपीएल में दर्शकों की वापसी हुई है। लोग बड़ी संख्या में आईपीएल के मैच देखने के लिए पहुंच रहे हैं और दर्शकों को खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से कतई मायूस नहीं कर रही है। जिस तरह से मैदान पर कुछ खिलाड़ी जबरदस्त बल्लेबाजी करके मनोरंजन कर रहे हैं तो कुछ खिलाड़ी अपनी बेहतरीन फील्डिंग से लोगों का दिल जीत रहे हैं। गुजरात टाइटन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या अपनी फुर्ती के लिए जाने जाते हैं, मैदान पर वह काफी चुस्त रहते हैं और उनकी फील्डिंग की हर कोई तारीफ करता है।

संजू सैमसन का रन आउट चर्चा में
आईपीएल के 24वें मैच के दौरान हार्दिक पांड्या ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैज में जिस तरह से संजू सैमसन को आउट किया उसने हर किसी को दंग कर दिया। दरअसल जिस वक्त राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने शॉट मारने के बाद रन लेने के लिए दौड़े तो हार्दिक पांड्या गेंद पर चीते की तरह कूदे और उन्होंने गेंद को स्टंप पर इतनी तेजी से मारा कि स्टंप के दो टुकड़े हो गए। हार्दिक पांड्या का यह थ्रो अब काफी चर्चा में है और लोग उनके इस थ्रो की तारीफ कर रहे हैं।

पांड्या के थ्रो ने बढ़ाई बीसीसीआई की चिंता
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में हार्दिक पांड्या मैन ऑफ द मैच रहे थे। एक वक्त जब उनकी टीम की हालत खराब थी तो हार्दिक पांड्या ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार 87 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए एक विकेट अपने नाम किया। यही नहीं संजू सैमसन को जबरदस्त फुर्ती से रन आउट भी किया। हालांकि हार्दिक पांड्या के जबरदस्त प्रदर्शनकी लोग तारीफ जरूर कर रहे हैं लेकिन रनआउट के लिए पांड्या के जबरदस्त थ्रो ने बीसीसीआई को अच्छी खासी चपत भी लगाई है।

क्या है स्टंप की कीमत
दरअसल आईपीएल के दौरान जिन स्टंप्स का इस्तेमाल किया जाता है उनमे एलईडी लगी होती है, ये स्टंप काफी महंगे होते हैं। इस स्टंप की कीमत 35-40 लाख रुपए होती है। ऐसे में आप इस बात का अंदाजा लगा सकते हैं कि हार्दिक पांड्या के एक थ्रो ने आयोजकों को कितना भारी नुकसान पहुंचाया है। अहम बात यह है कि अभी आईपीएल के सिर्फ कुछ ही मैच संपन्न हुए हैं और आगे दर्जनों मैच होने हैं, लिहाजा आयोजकों के माथे पर जरूर सिकुड़न आएगी कि आगे भी अगर इस तरह से स्टंप टूटते रहे तो उन्हें भारी नुकसान हो सकता है।

एक मैच फीस के बराबर कीमत
आईपीएल में इस्तेमाल होने वाले स्टंप की कीमत की बात करें तो यह टीम के एक मैच फीस के बराबर होती है। भारतीय टीम जब वनडे मैच खेलती है तो तो एक मैच की कुल फीस तकरीबन 60 लाख रुपए होती है जबकि टी-20 मैच के लिए टीम को 33 लाख रुपए फीस मिलती है। लिहाजा एक स्टंप की कीमत एक टी-20 मैच की कुल फीस के बराबर है। इससे पहले आईपीएल सीजन की बात करें तो उस वक्त स्टंप की कीमत 40 लाख रुपए थी। बता दें कि विश्व कप में भी इतने महंगे स्टंप का इस्तेमाल किया जाता है।

कैसे हुई एलईडी स्टंप की शुरुआत
एलईडी स्टंप की बात करें तो इसका आविष्कार ब्रॉन्टे एकरमैन ने किया था, उन्होंने कॉमर्शियल पार्टनर के दौर पर डेविड लेगिवुड के साथ मिलकर एक संगठन की शुरुआत की थी जिसका नाम जिंग इंटरनेशनल था। बिग बैश लीग के दौरान डेविड ने अपने इस आइडिया को बेच दिया था। जिसके बाद आईसीसी ने 2013 में बांग्लादेश में आयोजित टी-20 विश्वकप के दौरान इसका इस्तेमाल किया था, जो लोगों को काफी पसंद आया था।












Click it and Unblock the Notifications