इंग्लैंड ने बनाया 21 साल का नया कप्तान, टूट गया 130 वर्षों का रिकॉर्ड, आयरलैंड के खिलाफ टीम घोषित
England Cricket Team: इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में होने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ के लिए 21 वर्षीय जैकब बेथल को कप्तान नियुक्त किया है। इसके साथ ही वह इंग्लैंड की ओर से सभी प्रारूप में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
बेथल ने 130 साल से भी पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जो अब तक मोंटी बोडेन के नाम था। बोडेन ने 1889 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में 23 वर्ष की उम्र में इंग्लैंड की अगुवाई की थी।

बेथल को कप्तान बनाने का एक कारण भी है क्योंकि नियमित कप्तान हैरी ब्रूक इस समय उपलब्ध नहीं हैं। इस वजह से नए कप्तान की आवश्यकता महसूस हुई और उनको कमान थमा दी गई। अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज में हैरी ब्रूक वापस आ जाएंगे। इसका अर्थ है कि बेथल को अस्थायी तौर पर जिम्मेदारी मिली है। आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की टीम सिर्फ तीन टी20 मुकाबले ही खेलने वाली है।
दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच छह मैच खेले जाएंगे। इनमें तीन एकदिवसीय मैच होने हैं और इतने ही टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। सीरीज की शुरुआत 2 सितम्बर से होगी और समापन 14 सितम्बर को होना है। बेथल ने इंग्लैंड के लिए पिछले साल ही डेब्यू किया है और आते ही कप्तानी मिलना बड़ी बात है।
कप्तानी की घोषणा के साथ ही इंग्लैंड ने सितंबर के लिए अपनी टीमें भी घोषित कर दी हैं। तेज़ गेंदबाज़ सनी बेकर को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया है और वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज़ का हिस्सा होंगे।
ब्रायडन कार्स, जिन्होंने वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट से दूरी बनाई थी, अब टीम में वापसी कर रहे हैं। वह पेस अटैक को मज़बूती देने के लिए जोफ्रा आर्चर, जेमी ओवरटन, साकिब महमूद और सनी बेकर के साथ मैदान में उतरेंगे। गौरतलब है कि जोफ्रा आर्चर ने हाल ही में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में हिस्सा लेकर रेड-बॉल क्रिकेट में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी की थी।












Click it and Unblock the Notifications