'दुल्हन के साथ घर आने का सपना देखता था', स्मृति-पलाश की शादी पर आया मुच्छल की मां का चौंकाने वाला बयान
क्रिकेटर स्मृति मंधाना और पॉपुलर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की बहुचर्चित शादी पर चिंता के बादल अब भी छाए हुए हैं। भले ही अचानक बीमार पड़े स्मृति के पिता और तनावग्रस्त दूल्हे पलाश मुच्छल दोनों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन विवाह की बाकी रस्मों को लेकर दोनों परिवारों की चुप्पी बरकरार है।
महाराष्ट्र के सांगली में विवाह की अंतिम रस्में पूरी होने से कुछ घंटे पहले ही स्मृति के पिता को हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस हुए थे, जिसके कारण शादी को अनिश्चित काल के लिए टालना पड़ा था। खबर है कि पिता की तबीयत बिगड़ने और शादी टलने के तनाव ने पलाश मुच्छल की सेहत भी बिगाड़ दी, जिसके चलते उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

मां को जल्द बेटे की शादी की उम्मीद
बाकी बची रस्मों के शेड्यूल पर चुप्पी के बीच, सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहों और अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि, पलाश की मां, अमिता मुच्छल, को जल्द ही शादी होने की पूरी उम्मीद है।
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में अमिता ने स्वीकार किया कि शादी के दिन जो हुआ, उससे स्मृति और पलाश दोनों बहुत तकलीफ में हैं। अमिता ने यह भी बताया कि उन्होंने पलाश और स्मृति की शादी पूरी होने के बाद बहू के स्वागत के लिए खास तैयारियां कर रखी थीं।
कब होगी शादी? क्या बोलीं पलाश की मां
अमिता को विश्वास है कि हालांकि अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण दोनों परिवारों को शादी की रस्मों को टालना पड़ा, लेकिन यह जल्द ही पूरी होगी। उन्होंने कहा, 'स्मृति और पलाश दोनों तकलीफ में हैं... पलाश अपनी दुल्हन के साथ घर आने का सपना देखता था। मैंने खास स्वागत की योजना भी बनाई थी... सब ठीक हो जाएगा, शादी बहुत जल्दी होगी।'
तनाव से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पलाश को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें पहले सांगली में भर्ती कराया गया और बाद में मुंबई शिफ्ट कर दिया गया। अब वह डिस्चार्ज हो चुके हैं।
सोशल मीडिया से पोस्ट डिलीट
स्मृति मंधाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से संबंधित सभी पोस्ट हटा दिए हैं, जिससे अटकलें और तेज़ हो गई हैं। हालांकि, दोनों परिवारों के सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि यह रुकावट आपातकाल के कारण हुआ है।
इस कठिन समय में स्मृति के साथ रहने के लिए टीम इंडिया की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) से नाम वापस ले लिया है, जिससे कई लोग इस बात पर विचार कर रहे हैं कि पर्दे के पीछे क्या चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications