हर्षित राणा ने 3 माह में तय किया चैम्पियंस ट्रॉफी का सफर, कॉनक्शन सब्सटीट्यूट से धमाल मचा ऊपर किया ग्राफ
Harshit Rana: हर्षित राणा के सितारे इस समय चमक रहे हैं। बहुत कम समय में ही हर्षित राणा ने टीम इंडिया के लिए तीनों प्रारूप में खेला है। अब उनको चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम में जगह मिली है। चैम्पियंस ट्रॉफी से भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह के बाहर होने से राणा के लिए जगह बन गई।
पीठ के निचले हिस्से में चोट लगने के बाद बुमराह को अंततः बाहर होना पड़ा। बीसीसीआई उम्मीद कर रही थी कि शायद अंतिम समय तक बुमराह फिट हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बोर्ड ने मंगलवार देर रात को बुमराह का रिप्लेसमेंट घोषित कर दिया।

हर्षित राणा का करियर ग्राफ कम समय में ही ऊपर की तरफ जाता दिख रहा है। कम ही मौकों पर ऐसा हुआ है, जब कोई प्लेयर तीनों प्रारूप में खेल जाता हो। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज के दो मैचों के बाद उनको इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में मौका मिलता नहीं दिख रहा था लेकिन वहां से चमत्कार हुआ।
कॉनक्शन सब्सटीट्यूट से सफेद गेंद क्रिकेट में एंट्री
इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपने तीन टी20 मुकाबले हर्षित राणा के बिना ही खेले थे लेकिन चौथे मैच में उनको अजीबोगरीब स्थिति में मौका मिला। पुणे में बैटिंग के दौरान शिवम दुबे के सिर में लगी चोट ने राणा के डेब्यू का रास्ता खोल दिया। फील्डिंग में दुबे को नहीं भेजकर कॉनक्शन सब्सटीट्यूट के रूप में उनको खिलाया गया और वहां 3 विकेट लेकर उन्होंने इतिहास रच दिया। यहाँ से उनके सफेद गेंद करियर की शुरुआत हो गई।
एकदिवसीय सीरीज में भी मिला मौका
गौतम गंभीर और हर्षित राणा के बीच तालमेल केकेआर से आईपीएल के समय से ही है। इसका फायदा उनको इंटरनेशनल क्रिकेट में मिला है। इंग्लैंड के खिलाफ ही उनको वनडे डेब्यू करने का मौका मिल गया और दो मैच खेलकर वह 4 विकेट लेने में सफल रहे। अब उनके पास एक बड़ा मौका है।
चैम्पियंस ट्रॉफी जैसे बड़े इवेंट में अवसर
रेड बॉल से सफेद गेंद क्रिकेट में आने के बाद हर्षित राणा को अब चैम्पियंस ट्रॉफी में मौका मिल गया। किस्मत ही कह सकते हैं, जो उनको बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर लाया गया है। टीम में शामिल करने के लिए मोहम्मद सिराज भी थे लेकिन उनको रिजर्व प्लेयर के तौर पर रखा गया है। महज 3 महीनों में ही हर्षित राणा का करियर ग्राफ ऊपर गया है। देखना होगा कि चैम्पियंस ट्रॉफी में उनको खेलने का मौका मिलेगा या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications