इंटरव्यू में गायब हुए हर्षा भोगले, पीछे मचा शोर, सामने आया मजाक, फैंस हैं अब नाराज
नई दिल्ली, 25 मार्च: क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले को लोग काफी गंभीरता से लेते हैं। वे अंग्रेजी कमेंट्री की जान हैं और हिंदी में भी जाना पहचाना चेहरा बन चुके हैं। भोगले जो करते हैं लोग उस पर ध्यान देते हैं। इस बार कुछ ऐसा हुआ कि कई लोगों की सांस उनके गले में अटकी रह गई। हर्षा भोगले एक लाइव चैट पर अचानक गायब हो गए और पीछे बैकग्राउंड में ऐसी आवाजें आने लगी कि हर किसी को कमेंटेटर की फिक्र हो जाएगी।

हर्षा ने वो किया जो लोगों ने सोचा नहीं था
यहां तक जो शख्स इंटरव्यू ले रहा था वह भी हैरान रह गया। इस दौरान केवल बैकग्राउंड में हर्षा भोगले की आवाजें आ रही थी। इन आवाजों में हर्षा भोगले कह रहे थे- क्या हुआ? कौन है? कहां से आ गए? इसके बाद फैंस सकते में आ जाते हैं। इस घटना के बाद भोगले को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा होने लगी। सबको लग रहा था कहीं उन पर हमला तो नहीं हो गया।
क्लिप इतनी वायरल हो गई कि...
बाद में मामला इतना बढ़ गया कि हर्षा भोगले ने जो नहीं सोचा था वह हो गया। यह क्लिप इतनी वायरल हो गई कि भोगले को खुद बताने के लिए सामने आना पड़ा कि वह बिल्कुल ठीक हैं। यह केवल एक प्रोमो वीडियो था। उन्होंने फैंस के प्यार के लिए उनका धन्यवाद भी अदा किया है।
भोगले ने ट्विटर लिखा- मैं ठीक हूं। आपको चिंतित करने के लिए माफी चाहता हूं। यह मेरी उम्मीद से ज्यादा वायरल हो गया है। यह भी एक सीख है। यह किसी ओर चीज के लिए था। माफ कीजिए। और खुश रहिए।

भोगले ने कहा- मैं शर्मिंदा हूं
भोगले इसके बाद लिखते हैं कि आप हर दिन कुछ सीखते हैं। यह एक हल्की फुल्की चीज थी, लेकिन जिस तरह से इसको किया उससे यह वो बन गई जो मैंने सोचा नहीं था। मैं अब थोड़ा शर्मिंदा हूं।
इस दौरान हर्षा की पत्नी अंकिता ने भी क्लियर किया है उनके पति ठीक हैं। यह एक प्रोमो था जो इतना वायरल हुआ कि सब लोग चिंतिंत हो गए।

फैंस इस हरकत से नाराज और निराश हो चुके हैं-
हर्षा भोगले आईपीएल 2022 में अपनी आवाज से मैचों का आंखों देखा हाल सुनाते नजर आएंगे। हालांकि फैंस को हर्षा का यह अंदाज पसंद नहीं आया है। उन्होंने भोगले की हरकत की निंदा की है। कई यूजर्स की प्रतिक्रिया बताती है कि वे वास्तव में इसको सच मान बैठे थे और बेहद चिंतित थे। यूजर्स का कहना है कि ये मजाक ना केवल असली वाली टेंशन देते हैं बल्कि अगर ईश्वर ना करे ऐसा सच में हो जाए तो लोग इसको प्रोमो ही मानकर सीरियस नहीं लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications