Harmanpreet Kaur ने वर्ल्ड कप जीतते ही तोड़ डाला 20 साल पुराना रिकॉर्ड, जो कोई नहीं कर सका वो कर दिखाया
Harmanpreet Kaur Creates History: हरमनप्रीत कौर ने रविवार को भारत के लिए वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत को पहला महिला वर्ल्ड कप खिताब दिलाने का काम किया। यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अब तक का पहला वैश्विक खिताब है। इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर विश्व कप जीतने वाली भारत की पहली महिला कप्तान बन गई हैं।
बन गई वर्ल्ड कप जीतने वाली सबसे उम्रदराज कप्तान (Harmanpreet Kaur Creates History)
हरमनप्रीत कौर कपिल देव (1983) और एमएस धोनी (2011) के बाद वनडे फॉर्मेट में यह मेगा इवेंट जीतने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय कप्तान (पुरुष या महिला) हैं। वहीं हरमनप्रीत कौर ने एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा है। वह महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली सबसे उम्रदराज कप्तान बन गई हैं। उन्होंने 35 साल की उम्र पार करने के बाद यह उपलब्धि हासिल की, जिससे उन्होंने दो दशक पुराना ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बेलिंडा क्लार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा 20 साल पुराना रिकॉर्ड
हरमनप्रीत की उम्र जीत के समय 36 साल और 239 दिन थी। ऑस्ट्रेलिया के बेलिंडा क्लार्क ने 34 साल, 212 दिन की उम्र में साल 2005 के दौरान टीम को वर्ल्ड कप दिलाने का काम किया था। उम्र के लिहाज से हरमनप्रीत कौर अब बेलिंडा क्लार्क से अधिक उम्रदराज बन गई हैं। भारतीय कप्तानों की बात करें तो हरमनप्रीत कौर वनडे विश्व कप जीतने वाली सबसे उम्रदराज भारतीय भी हैं, और 30 साल की उम्र के बाद यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय हैं।
वर्ल्ड के सबसे उम्रदराज कप्तान हैं इमरान खान
दिलचस्प बात यह है कि पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट में वनडे विश्व कप जीतने वाले कप्तानों में केवल इमरान खान (1992 में 39 साल की उम्र में) ही हरमनप्रीत से अधिक उम्र के थे। हरमनप्रीत और इमरान खान 35 साल की उम्र के बाद यह ट्रॉफी उठाने वाले केवल दो कप्तान हैं। इमरान खान की कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 में वर्ल्ड कप जीता था। इस दौरान इमरान खान की उम्र 39 साल थी।












Click it and Unblock the Notifications