हार्दिक पांड्या ने किसी नेता की तरह किया रोड शो, बड़ौदा में स्टार के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
Hardik Pandya: भारत के टी20 विश्व कप के हीरो हार्दिक पांड्या का सोमवार को वडोदरा में भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने और उनके भाई क्रुणाल पांड्या ने इसी शहर से बड़ौदा टीम के साथ अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। पांड्या का रोड शो किसी नेता से कम नहीं था।
पीटीआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में पांड्या को रोड शो के दौरान बस के ऊपर से भारी भीड़ को हाथ हिलाते हुए दिखाया गया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में तीन विकेट लेकर भारत की दूसरी टी20 विश्व कप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

टी20 वर्ल्ड कप के बाद पांड्या मुंबई में थे। वह अनंत अम्बानी और राधिका मर्चेंट की शादी में शामिल हुए थे। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को इस शादी में ठुमके लगाते हुए देखा गया था। अब वह अपने घर आए हैं और स्वागत के लिए फैन्स का हुजूम उमड़ पड़ा।
30 वर्षीय ऑलराउंडर ने फाइनल मैच में हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर को आउट करके भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने टूर्नामेंट में 150 से ज़्यादा की स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए और 11 विकेट भी हासिल किये।
हाल ही में हार्दिक पांड्या आईसीसी पुरुष टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने, उन्होंने श्रीलंका के कप्तान वानिंदु हसरंगा के साथ बराबरी की। इस उपलब्धि ने उनकी तारीफों में और वृद्धि कर दी। वर्ल्ड कप के दौरान पांड्या अलग ही रंग में थे।
वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत के बाद हार्दिक पांड्या रो पड़े थे। उनको पिछले छह माह का वह समय याद आ गया, जो उनके निजी और प्रोफेशनल दोनों जीवन में उथल-पुथल चल रही थी। हार्दिक पांड्या ने रोते हुए इसे बयाँ किया था। हालांकि पत्नी नताशा के साथ उनकी चीजें अब भी ठीक नहीं हैं। दोनों अलग रहते हैं। पूरी तरह से अलग हुए हैं या नहीं, इस पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications