Hardik Pandya ने टी20 रैकिंग में कर दिया कमाल, टॉप स्थान हासिल कर दिया आलोचकों को करारा जवाब
ICC T20 Rankings: टी20 वर्ल्ड कप के बाद आईसीसी ने पिछले सप्ताह की रैंकिंग भी जारी कर दी है और इसमें भारत ने बाजी मारी है। भारतीय गेंदबाजों की रैंकिंग में खासा सुधार देखने को मिला है। जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव आदि खिलाड़ियों ने रैंकिंग में धमाका किया है।
फाइनल में अपनी दमदार गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीकी टीम को हराने वाले हार्दिक पांड्या ने अपनी रैंकिंग से हैरान कर दिया है। हार्दिक पांड्या ने अन्य सभी खिलाड़ियों को इस मामले में पीछे छोड़ दिया और नम्बर एक पर खुद को काबिज कर लिया।

पांड्या ने टी20 ऑल राउंडरों की रैंकिंग में वनिंदु हसारंगा को पछाड़ दिया और नम्बर एक का स्थान हासिल कर लिया। टी20 वर्ल्ड कप में हार्दिक पांड्या ने 11 विकेट झटके और 150 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए अंतिम ओवरों में वह बल्ले से धांसू खेल दिखाने में सफल रहे।
फाइनल मैच के दौरान पांड्या का प्रदर्शन सबसे खास रहा। दक्षिण अफ्रीका को जीत की तरफ लेकर जा रहे क्लासेन को आउट करने के बाद अंतिम ओवर में मिलर को भी हार्दिक पांड्या ने चलता किया। इस मैच में पांड्या ने कुल 3 विकेट अपने नाम करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया।
बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव और ट्रेविस हेड के बीच जंग थी। दोनों के बीच महज दो अंकों का फासला था लेकिन अब यह छह अंकों का हो गया है। हेड पहले और सूर्या दूसरे स्थान पर हैं। टॉप दस में यशस्वी जायसवाल का नाम भी शामिल है।
गेंदबाजों की रैंकिंग में कुलदीप यादव को तीन स्थानों का फायदा हुआ है और वह अब आठवें नम्बर पर आ गए हैं। अक्षर पटेल भी एक पायदान ऊपर उठकर सातवें नम्बर पर आ गए हैं। बुमराह 12वें और अर्शदीप सिंह 13वें स्थान पर मौजूद हैं। आदिल राशिद टॉप पर हैं। एनरिक नॉर्किया को सात स्थानों का फायदा हुआ और वह दूसरे स्थान पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications