2023 वर्ल्ड कप के बाद हार्दिक पांड्या को बनाया जाए वनडे का भी कप्तान- सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने हार्दिक पांड्या को इंडियन टीम का फ्यूचर वनडे कप्तान बताया है। उन्होंने कहा है कि इस खिलाड़ी ने अपनी कप्तानी कौशल से खूब प्रभावित किया है।

टीम इंडिया अब 17 मार्च से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में हार्दिक पांड्या टीम की कप्तानी करेंगे। यह पहला मौका होगा, जब हार्दिक पांड्या वनडे टीम की कप्तानी करेंगे। इससे पहले पांड्या टी20 मैच में कप्तानी कर चुके हैं, जहां उनका जीत प्रतिशत 64 का है। पांड्या ने टी20 में बतौर कप्तान 11 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 7 में टीम को जीत मिली है। उनके इसी रिकॉर्ड से प्रभावित होकर पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने हार्दिक पांड्या को भारतीय टीम का फ्यूचर वनडे कप्तान भी बताया है। यहां तक कि गावस्कर ने यह भी कहा है कि 2023 विश्व कप के बाद पांड्या को वनडे टीम का कप्तान बनाया जाना चाहिए।
पांड्या को बनाया जाए वनडे का भी कप्तान- गावस्कर
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा है हार्दिक पांड्या ने हमेशा अपनी कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है। वो अपनी कप्तानी के साथ-साथ अपने खेल से भी एक प्रभावशाली खिलाड़ी हैं, इसलिए मेरा मानना है कि यह ऑलराउंडर आगामी तीन मैचों की सीरीज में भारत के लिए गेम चेंजर साबित होगा। गावस्कर ने कहा है कि अगर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम इंडिया मुंबई में होने वाला पहला वनडे जीत जाती है तो उन्हें वनडे का भी नया कप्तान बनाया जाना चाहिए। गावस्कर का मानना है कि हार्दिक पांड्या की मौजूदगी भारत के लिए बहुत जरूरी है।
राहुल की जगह उपकप्तान बने थे पांड्या
आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या ने कप्तान के तौर पर गुजरात टाइटंस को आईपीएल में चैंपियन बनाया है। गुजरात की टीम पहली बार आईपीएल में खेली थी और उन्होंने पहली ही बार में अपनी टीम को खिताब दिलाया था। गावस्कर ने कहा है कि जो कप्तान पहली ही बार में अपनी टीम को आईपीएल का खिताब दिला सकता है उसे वर्ल्ड कप के बाद वनडे टीम का भी कप्तान बनाया जाना चाहिए। बता दें कि वनडे में अभी तक केएल राहुल टीम के उपकप्तान थे, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में राहुल की जगह पांड्या उपकप्तान बने थे।












Click it and Unblock the Notifications