'आशीष नेहरा को कोच, हार्दिक पांड्या को बनाओ कप्तान', टीम इंडिया में भी हो गुजरात टाइटंस वाला काम
टी20 वर्ल्ड कप में भारत की विदाई बताती है कि अब जरूरी बदलाव का समय आ चुका है। दुविधा यह भी है कि पिछले वर्ल्ड कप से अब तक भारतीय क्रिकेट टीम ने वैसे ही बहुत बदलाव कर दिए पर प्लेइंग इलेवन चुनने की समस्या जस की तस बनी हुई है। पहले भी यही कहा जा रहा था कि प्लेइंग इलेवन चुनना टीम के कप्तान और कोच को नहीं आया और अब भी यही। सच ये है कि भारत जिस खिलाड़ी को बड़े मंच के लिए तैयार करता है वह तब प्रदर्शन नहीं कर पाता जब उम्मीद होती है। अक्षर पटेल इस टूर्नामेंट में कुछ नहीं कर पाए। ना दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत चल पाए। सूर्युकमार यादव बहुत बड़े मैचों में नहीं चले।

हार्दिक पांड्या को अगला कप्तान बनाया जाना चाहिए
भारत के खिलाड़ी बड़े मंच पर एकजुट होकर नहीं चलते हैं और यह एक पुरानी समस्या है। हालांकि यह तय है कि आप रोहित शर्मा के साथ अब लंबे समय तक टी20 की देखरेख नहीं कर सकते। ना उनकी बैटिंग में वह कंसिसटेंसी है और ना ही वह फिटनेस और उम्र का साथ। ऐसे में भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा कि हार्दिक पांड्या को अगला कप्तान बनाया जाना चाहिए और आशीष नेहरा कोच होने चाहिए। हरभजन का कहना है कि टीम इंडिया को ऐसा कोई चाहिए जो इस फॉर्मेट को बेहतर समझ सके जिसने हाल में टी20 क्रिकेट खेला हो।

कोच भी लेकर आएं
हरभजन ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा, बात केवल कप्तान की नहीं है। अगर आप किसी ऐसे को भी लेकर आ सकें जो T20 में हाल ही में रिटायर हुआ है जो इस फॉर्मेट को समझता है। अब जानते हैं मैं क्या कहना चाहता हूं। द्रविड़ को लेकर मुझे पूरा सम्मान है। वह मेरे कॉलीग भी रहे हैं और हमने एक साथ काफी क्रिकेट खेला है उनके पास बेहतरीन दिमाग भी है लेकिन मुझे लगता है कि अगर आप द्रविड़ को T20 में कोच की पोस्ट से हटाना नहीं चाहते हैं तो आपको उनकी सहायता करने के लिए एक ऐसा आदमी देना चाहिए जो हाल ही में टी20 से रिटायर हुआ है।
"ऐसे में आशीष नेहरा के पास एक अच्छा क्रिकेट माइंड है। अब देखिए कि उन्होंने गुजरात टाइटंस में रहकर क्या किया। आशीष का टीम में आना युवाओं को भी प्रेरित करेगा। या फिर आप किसी भी ऐसे खिलाड़ी को ले लीजिए जो अभी रिटायर हुआ है।"

गुजरात टाइटंस के लिए कमाल किया था
हार्दिक पांड्या और आशीष नेहरा की जोड़ी ने गुजरात टाइटंस के लिए कमाल का काम किया था जहां आशीष मुख्य कोच थे तो वही हार्दिक पांड्या एक कप्तान थे और इन दोनों की जुगलबंदी ने पहली बार ही आईपीएल में खेल रही गुजरात टाइटंस को खिताब जिता दिया था। हार्दिक ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में बेहतरीन पारी खेली लेकिन वे अपने मोर्चे पर अकेले ही खड़े दिखाई दिए। रोहित और विराट कोहली ने इस अहम मैच में बेहद ही धीमी पारी खेलते हुए भारत की मुश्किलों को और बढ़ाने का काम किया। सूर्यकुमार यादव से तेज बल्लेबाजी की दरकार थी लेकिन वे पाकिस्तान के बाद एक ओर बड़े मैच में नहीं चल सके। ऐसे में हार्दिक पांड्या ने 33 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली लेकिन इंग्लैंड ने उसको पूरी तरह से बर्बाद कर दिया क्योंकि इंग्लैंड 16 ओवर में ही 10 विकेट से मैच जीतने में कामयाब रहे।
हरभजन कहते हैं, हार्दिक पांड्या कप्तानी के लिए बेस्ट हैं। उनसे बेहतर कोई और नहीं हो सकता। वे टीम के बेस्ट प्लेयर हैं और आपको टीम में इस तरह के और खिलाड़ियों की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications