हरभजन ने चुनी एशिया कप की भारतीय टीम, सैमसन को किया बाहर, चौंकाने वाले नाम शामिल
Asia Cup: अजित अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति जल्दी ही एशिया कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा करने वाली है। इससे पहले हरभजन सिंह ने अपनी टीम का चयन किया है। हरभजन सिंह की इस टीम में कुछ उन प्लेयर्स को जगह नहीं मिला, जिनकी चर्चा काफी है।
उनमें एक नाम संजू सैमसन का भी है, जो ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में टीम इंडिया में शामिल होने के लिए प्रमुख विकेटकीपर हैं। सैमसन को हरभजन सिंह की इस टीम में जगह नहीं मिली है। भज्जी ने तीन ओपनरों को रखा है और कीपर के तौर पर केएल राहुल को एक ऑप्शन बताया है।

टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बातचीत में भज्जी ने यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को टीम के लिए ओपनर के तौर पर चुना है। वहीं, श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है, जिन्होंने 2023 के बाद से कोई टी20 मैच नहीं खेला है। इसके अलावा तिलक वर्मा को भी बाहर रखा गया है। वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और रियान पराग को चुना गया है।
हरभजन ने कहा कि केएल राहुल का मैंने नाम नहीं लिया लेकिन वह विकेटकीपर के तौर पर अच्छे ऑप्शन साबित हो सकते हैं। केएल एक विकल्प हो सकते हैं। उनमें या फिर ऋषभ पंत में से कोई एक कीपर हो सकता है। हरभजन ने संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल जैसे किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया।
हरभजन की Asia Cup टीम में ये खिलाड़ी
अन्य प्लेयर्स में उन्होंने यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, रियान पराग, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह को शामिल किया।
Asia Cup में सैमसन की बनती है जगह
हालांकि भारतीय चयन समिति की टीम हरभजन की टीम से थोड़ी अलग हो सकती है। पंत का खेलना मुश्किल है, ऐसे में कीपर के तौर पर संजू सैमसन या ध्रुव जुरेल को लाया जा सकता है। इसके अलावा स्पिन विभाग में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications