वो सिर्फ 30 गेंदों में ठोंक सकता है 80 रन, हरभजन सिंह ने युवा प्लेयर को लेकर की भविष्यवाणी

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में हिस्सा बनने वाले खिलाड़ियों के लिये होने वाली मेगा नीलामी का आयोजन शनिवार- रविवार को किया जाना है, जिसमें कुल 590 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है। आईपीएल 2022 में हिस्सा लेने वाली सभी 10 टीमें इस मेगा ऑक्शन के जरिये एक बार फिर से अपनी तैयार करने की ओर देखेंगी, जिसमें टीमों के पास राइट टू मैच का अधिकार नहीं होने की वजह से लगभग हर टीम बराबरी पर है। ऐसे में सभी टीमों के लिये मौका और चुनौती दोनों ही बराबर देखने को मिलेंगी। इस बीच भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही अपनी वनडे सीरीज का आखिरी मैच भी अहमदाबाद में खेलना है, जहां पर खेल रहे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी सभी टीमों की निगाह रहेंगी।
नीलामी को लेकर जितना फैन्स और खिलाड़ी बेकरार हैं उतना ही फ्रैंचाइजियां भी परेशान है, क्योंकि नीलामी के दौरान कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर एक से ज्यादा फ्रैंचाइजियों की नजर होंगी। इसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि सभी टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ी और उनके बैक अप प्लेयर्स का चयन कर लिया होगा, जिसमें विदेशी विस्फोटक बल्लेबाज, भारतीय युवा खिलाड़ी और अंडर 19 विश्वकप 2022 के युवा हीरो भी शामिल होंगे।
और पढ़ें: IPL इतिहास के वो 5 खिलाड़ी जिन्होंने नीलामी में कमाये सबसे ज्यादा पैसे, लेकिन फ्लॉप रहा प्रदर्शन

सिर्फ 30 गेंदों में ठोंक सकता है 70-80 रन
इस बीच भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने उस युवा खिलाड़ी का नाम बताया है जिसके पीछे ऑक्शन के दौरान बिड वॉर छिड़ सकती है। हरभजन ने भारत के लिये 3 वनडे और 5 टी20 खेल चुके इस युवा खिलाड़ी का नाम लेने के पीछे की वजह बताते हुए बड़ी भविष्यवाणी भी की।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए हरभजन ने कहा,'ईशान किशन वो खिलाड़ी हैं जिनका मैं खुद बड़ा फैन हूं। उनमें इतनी काबिलियत है कि अगर उनका दिन चल रहा है तो वो सिर्फ 30 गेंदों में 70-80 रन बनाकर अपनी टीम को मैच जिता सकते हैं। वह आने वाले समय में सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल होगा।'

जो भी खरीदे बनाये टीम का कप्तान
हरभजन सिंह ने ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके हिसाब से घरेलू क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी करने वाले इस प्लेयर को आईपीएल ऑक्शन में जो भी टीम खरीदे कप्तानी की जिम्मेदारी भी देने का काम करे।
उन्होंने कहा,' मुझे लगता है कि मेगा ऑक्शन में जो भी टीम ईशान किशन को खरीदने जाये, उसे उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी देनी चाहिये। वह घरेलू स्तर पर पहले ही झारखंड की कप्तानी करते हैं। वह उन खिलाड़ियों में से हैं जिस पर जिम्मेदारी बढ़ाने से वह ज्यादा बड़ा बन जाता है। आरसीबी की टीम नीलामी में इस खिलाड़ी को जरूर खरीदना चाहेगी, हालांकि यह आसान नहीं होगा क्योंकि कई सारी टीमें उनके पीछे जायेंगी।'

हर खिलाड़ी के पास नहीं है किशन जैसा टैलेंट
उल्लेखनीय है कि ईशान किशन के खेलने के अंदाज से भारतीय टीम के कई दिग्गज खिलाड़ी प्रभावित हो चुके हैं, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का नाम भी शामिल है। कार्तिक इस युवा खिलाड़ी के टैलेंट के मुरीद हैं और मानते हैं कि उनके पास वो कला है जिसे पाने के लिये मौजूदा समय के ज्यादातर खिलाड़ी तरसते हैं।
उन्होंने कहा,'उसके पास बेहतरीन स्किल्स हैं, वह पहली ही गेंद से अटैक कर सकता है। यह कला हर खिलाड़ी के पास नहीं होती। मौजूदा समय में लगभग हर खिलाड़ी पहली गेंद से अटैक करना चाहता है, लेकिन अपनी टीम के लिये मल्टी नेशन टूर्नामेंट में यह काम लगातार कर पाना सब के बस की बात नहीं है। ऐसे में ईशान के पास बड़ा मौका है कि वो भारत के भविष्य के प्लान का अहम हिस्सा बन सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications