Harbhajan Singh: कभी बनना चाहते थे ट्रक ड्राइवर, फिर बने क्रिकेट के सुपर स्टार, बॉलीवुड एक्ट्रेस से हुई शादी
Happy Birthday turbanator Harbhajan Singh:
Happy Birthday turbanator Harbhajan Singh: हरभजन सिंह उर्फ भज्जी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेल चुके हैं। सौरव गांगुली से लेकर महेंद्र सिंह धोनी तक की कप्तानी में हरभजन ने भारत के लिए गेंद से दमदार प्रदर्शन किया है। 3 जुलाई, 1980 को पंजाब में जन्में हरभजन सिंह के लिए एक सफल क्रिकेटर बनने का सफर आसान नहीं रहा है।
1998 में किया था डेब्यू: हरभजन सिंह ने भारत के लिए साल 1998 में अपना डेब्यू किया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में उन्होंने दो विकेट झटके थे। अपने क्रिकेट करियर के दौरान उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन रहा है। गेंद के अलावा जुबानी जंग भी हरभजन सिंह ने सबसे अधिक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ ही मैदान पर की थी।

परिवार के लिए बनना चाहते थे ट्रक ड्राइवर: क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह ट्रक ड्राइवर बनना चाहते थे। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए हरभजन सिंह को लेकर बड़ा खुलासा किया था। सहवाग ने बताया कि परिवार को सपोर्ट करने के लिए हरभजन कनाडा जाकर ट्रक चलाना चाहते थे। लेकिन आज वह क्रिकेट के सुपर स्टार हैं।
शानदार रहा है क्रिकेट करियर: हरभजन सिंह ने 24 दिसंबर 2021 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। लेकिन अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की। हरभजन ने 103 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 417 विकेट दर्ज हैं। वहीं हरभजन ने 236 वनडे मैच खेलकर 1237 रन और 269 विकेट अपने नाम किए हैं। जबकि भज्जी ने भारत के लिए 28 टी-20 मैचों में 25 विकेट ले चुके हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस से हुई शादी: हरभजन सिंह ने बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल गीता बसरा से शादी की है। शादी से पहले इन दोनों ने ही करीब 8 साल तक एक-दूसरे को डेट किया था। साल 2008 में आईपीएल मैच के दौरान इन दोनों की अफेयर की खबरों ने जोर पकड़ ली थी। बॉलीवुड में गीता बसरा ने 'द ट्रेन', 'जिला गाजियाबाद' 'भइया जी सुपरहिट' जैसी फिल्मों में काम किया है। साल 2015 के दौरान 29 अक्टूबर को जालंधर में दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे।












Click it and Unblock the Notifications