Mohammed Shami: बीवी ने कर दिया था सुसाइड करने को मजबूर, फिर ऐसे बदली जिंदगी, PM मोदी ने भी लगाया गले
Mohammed Shami Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अमरोहा गांव के सहसपुर अली नगर में जन्मे शमी का एक साधारण परिवार से क्रिकेट स्टार बनने तक का सफर प्रेरणादायक है। कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने दिखाया है कि प्रतिभा और कड़ी मेहनत से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
सफल बनाने में पिता का रहा है हाथ
मोहम्मद शमी के पिता तौसीफ ने उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई। खुद तेज गेंदबाजी के शौकीन तौसीफ ने शमी के अभ्यास के लिए सीमेंट की पिच बनाई। उन्होंने 15 साल तक साथ-साथ ट्रेनिंग लिया और शमी के खेल को निखारा। उनकी ये मेहनत तब रंग लाई जब शमी ने 6 जनवरी 2013 को पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने में कामयाबी हासिल की।

भारत के लिए दमदार प्रदर्शन
पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले वनडे मैच में शमी ने 9-4-23-1 के प्रभावशाली आंकड़ों के साथ भारत को 10 रन से जीत दिलाई। वह वनडे डेब्यू पर चार या उससे ज़्यादा मेडन ओवर फेंकने वाले पहले भारतीय गेंदबाज़ बन गए। उनका टेस्ट डेब्यू नवंबर 2013 में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ़ हुआ, जहां उन्होंने दो मैचों की सीरीज़ में 16.54 की औसत से 11 विकेट लिए। 2014 में भारत के इंग्लैंड दौरे के दौरान शमी और भुवनेश्वर कुमार ने नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ 10वें विकेट के लिए 111 रनों की शानदार साझेदारी की थी। यह साझेदारी टेस्ट क्रिकेट में भारत की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी थी।
ऐसी रही है लव स्टोरी
साल 2012 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान मोहम्मद शमी की पहली मुलाकात हसीन जहां से हुई थी। उस समय हसीन जहां कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चीयरलीडर के तौर पर काम कर रही थीं, जबकि शमी उसी टीम के लिए खेल रहे थे। वे कुछ समय तक डेट करते रहे और आखिरकार शादी कर ली।
सुसाइड करने की कोशिश
मोहम्मद शमी ने अपने करियर में अपार सफलता प्राप्त की है, लेकिन सफलता के अलावा उन्होंने निजी जीवन में भी बहुत कुछ झेला है। मैच फिक्सिंग के आरोपों से लेकर वाइफ हसीन जहां के तलाक की नौबत आने जैसी चीजों ने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया था। मोहम्मद शमी के दोस्त उमेश कुमार ने बताया था कि पाकिस्तान के साथ मिलकर मैच फिक्सिंग के आरोपों ने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया था।
उमेश कुमार ने आगे कहा था कि वो सबकुछ झेल सकते थे लेकिन देश के साथ गद्दारी के आरोप नहीं। उस कठिन दौर में वो मेरे घर पर ठहरे थे। ये करीब सुबह 4 बजे की बात है, मैं पानी पीने के लिए उठा और जब किचन की ओर जा रहा था तो पाया कि शमी बालकनी पर खड़े थे। हम बिल्डिंग के 19वें फ्लोर पर रह रहे थे। मैं समझ चुका था कि वहां क्या चल रहा है।
PM मोदी ने भी लगाया गले
वनडे वर्ल्ड कप में मोहम्मद शमी ने सात मैच में कुल 24 विकेट लिए थे। फाइनल मैच में भी उन्होंने शुरुआती विकेट लिए थे। हालांकि, भारत मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सका। लेकिन शमी के दमदार प्रदर्शन के लिए उनकी जमकर तारीफ की गई। मैच के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मोहम्मद शमी को गले लगाने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications