Happy Birthday: पुरानी शराब की तरह कीमती होते जा रहे 39 साल के 'नौजवान' फाफ डु प्लेसिस
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस (Faf du Plessis) आज 39 साल के हो चुके हैं। डुप्लेसिस उस देश से आते हैं जिसने क्रिकेट की दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ फील्डर दिए हैं। फाफ डु प्लेसिस भी उसी परंपरा के खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने उम्र को मात देते हुए अपने फील्डिंग के मानकों को बहुत ऊंचा रखा है।
उनकी फिटनेस किसी भी मायने में दुनिया के महान एथलीटों से कम नहीं है। फाफ डु प्लेसिस अकेले ऐसे दक्षिण अफ्रीकी कप्तान हैं जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में बतौर कप्तान शतक लगाए हैं। वे दक्षिण अफ्रीका के लिए वनडे क्रिकेट में दूसरे सर्वोच्च रन (185) बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं।

इस शानदार खिलाड़ी के लिए महेंद्र सिंह धोनी एक फिनिशर के तौर पर आदर्श रहे हैं। डुप्लेसिस क्रिकेट करियर में अलग अलग भूमिका में आते हुए बल्लेबाजी के लगभग हर क्रम पर खुद को साबित कर चुके हैं। फाफ ने लगभग 39 साल की उम्र में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर के लिए एक सीजन में 730 रन बनाए और विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी से सजी टीम की कप्तानी भी पूरी गरिमा के साथ की। ये सब देखकर फिर साबित होता है कि उम्र महज एक नंबर है।
पुरानी शराब की तरह शानदार होते जा रहे डुप्लेसिस इस उम्र में भी T20 लीग में इतने लोकप्रिय हैं कि 2022 में जोहांसबर्ग सुपर किंग्स ने उन्हें अपना कप्तान नियुक्त किया था। 2023 में टैक्सास सुपर किंग्स भी उनको अपना कप्तान नियुक्त कर चुकी है। 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इस खिलाड़ी को अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर खरीदा था और तब से लेकर अब तक यह यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है।
फाफ ने टेस्ट क्रिकेट में 40.02 की औसत के साथ 4165 रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में 47 के जबरदस्त औसत के साथ 5507 रन बनाए हैं। फाफ ने टी20 इंटरनेशनल में 35.53 के औसत के साथ बल्लेबाजी की है। कुल मिलाकर फाफ डु प्लेसिस के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 11198 रन है जिसमें 23 शतक शामिल है।
ये भी पढ़ें- IPL में पंजाब किंग्स पहचान ना सकी जो काबिलियत, उसी के दम पर शाहरुख खान TNPL में बने चैम्पियन
साथ ही फाफ बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। उन्होंने आईपीएल 2018 के पहले क्वालीफायर में 42 गेंदों पर 67 रनों की पारी खेली थी। आईपीएल 2019 के दूसरे क्वालीफायर में भी उन्होंने 39 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली थी। आईपीएल 2021 के फाइनल में इस खिलाड़ी ने 59 गेंदों पर 86 रनों की पारी खेली थी और तीनों मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे।
फाफ ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल का खिताब भी जीता हुआ है। वह CLT20 के विजेता भी रह चुके हैं और अभी भी क्रिकेट का पूरा दमखम उनमें दिखाई देता है। डु प्लेसिस को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।












Click it and Unblock the Notifications