'हमारे प्लेयर खेलते कम है, बोलते ज्यादा हैं', पाकिस्तानी दिग्गज ने अपने ही खिलाड़ियों को दिखाया आईना
Younis Khan On Pak Cricketers: पूर्व पाकिस्तानी कप्तान यूनिस खान ने बाबर आज़म को अपने क्रिकेट स्किल पर फोकस करने की सलाह दी है। बाबर आजम इस समय अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने अपनी पिछली 16 टेस्ट पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बनाया है। टी 20 विश्व कप 2024 के दौरान उनके प्रदर्शन और नेतृत्व की भी काफी आलोचना हुई थी।
यूनिस खान का सुझाव
साल 2009 में पाकिस्तान को टी 20 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले यूनिस खान का मानना है कि साल 2019 में भी उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के कारण कप्तान नियुक्त किया गया था। उनका सुझाव है कि बाबर को क्रिकेट पर फिर से ध्यान देना चाहिए और अन्य मामलों से दूरी बना लेनी चाहिए।

बाबर आजम को लेकर कही ये बात
यूनिस ने पाकिस्तान में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बाबर के लिए मेरा एकमात्र सुझाव यह है कि उसे अपने क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए। उसे अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहिए। बाबर आजम को कप्तान इसलिए बनाया गया क्योंकि वह उस समय सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी था। मैं उस समय वहां मौजूद था जब यह निर्णय लिया गया कि टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को कप्तान बनाया जाना चाहिए।
प्रदर्शन पर ध्यान देने की जरूरत
यूनिस ने इस बात पर जोर दिया कि खिलाड़ियों को मैदान पर अपने प्रदर्शन को प्राथमिकता देनी चाहिए। हमारे प्लेयर खेलते कम है, बोलते ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि अगर बाबर और अन्य शीर्ष खिलाड़ी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो परिणाम सभी के लिए स्पष्ट होंगे। मैंने देखा है कि हमारे खिलाड़ी प्रदर्शन से ज़्यादा बातें करते हैं। पूर्व क्रिकेटर ने जोर देकर कहा कि सफलता के लिए क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित रखना बहुत जरूरी है।
बल्ले और गेंद से जवाब देना चाहिए
यूनिस ने कहा कि आपका ध्यान क्रिकेट पर होना चाहिए। आपको हर जगह अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि उम्मीदें बहुत ज्यादा होती हैं। खिलाड़ियों को क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए और सोशल मीडिया का समझदारी से इस्तेमाल करना चाहिए, लेकिन उनके असली जवाब बल्ले और गेंद से उनके प्रदर्शन से मिलने चाहिए।
विराट कोहली से सीखने की जरूरत
यूनिस ने यह भी बताया कि विराट कोहली का उदाहरण बाबर के लिए प्रेरणा का काम कर सकता है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली को देखिए। उन्होंने अपनी शर्तों पर कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और अब वह दुनिया भर में रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। इससे पता चलता है कि देश के लिए खेलना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बाबर को अपनी फिटनेस और काम पर ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि ऐसे मौके कम ही मिलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications