IPL 2022: बेकार गई बटलर की विस्फोटक पारी, राजस्थान को हराकर टॉप पर पहुंची गुजरात टाइटंस
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 24वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम के मैदान पर खेला गया, जहां पर गुजरात टाइटंस की टीम का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के साथ हुआ। दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल कर पहले पायदान पर कब्जा बनाने की ओर देख रही थी, हालांकि गुजरात टाइटंस की शानदार गेंदबाजी के सामने राजस्थान रॉयल्स की टीम रन चेज में सफलता हासिल कर पाने में नाकाम रही। इस मैच से पहले दोनों टीमों ने 4-4 मैच खेले थे, जिसमें 3 जीत और एक हार के साथ यहां पर पहुंची थी।

गुजरात टाइटंस को इस मैच में टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने के लिये उतरना पड़ा, जहां पर उसने हार्दिक पांड्या (87), अभिनव मनोहर (43) और डेविड मिलर (31) की आतिशी पारी के दम पर 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 155 रन ही बना सकी और 37 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: 5 गलतियां जो IPL 2022 में मुंबई इंडियंस पर पड़ी हैं भारी, नहीं खुल पाया है अब तक जीत का खाता

अंकतालिका में टॉप पर पहुंची गुजरात
इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस की टीम ने टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत हासिल की और 8 प्वाइंटस के साथ अंकतालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम दूसरे पायदान पर खिसक गई है। राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिये यह सीजन की दूसरी हार है। गुजरात टाइटंस की टीम इस मैच से पहले पांचवे पायदान पर काबिज थी, जबकि लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम पांचवे पायदान पर पहुंच गई है।

बटलर ने खेली विस्फोटक पारी
193 रनों का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने शुरुआत अच्छी करते हुए पहली 11 गेंदों में ही 27 रन बना लिये थे लेकिन गुजरात के लिये डेब्यू कर रहे यश दयाल ने अपने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर देवदत्त पाड्डिकल को गिल के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। हालांकि इसके बावजूद जोस बटलर के रनों की रफ्तार नहीं थमी और उन्होंने 5 ओवर के अंदर राजस्थान के स्कोर को 56 रनों पर पहुंचा दिया। छठे ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन ने एक ओवर में दो विकेट लेकर गुजरात टाइटंस की वापसी करा दी। इस दौरान बटलर ने महज 23 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों के दम पर 54 रन बना डाले। बटलर ने एक गेंद पहले छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन फर्ग्यूसन ने अगली गेंद पर सीजन की सबसे बेहतरीन यॉर्कर मारकर वापस पवेलियन भेज दिया।

पावरप्ले के बाद बिखर गई राजस्थान की बल्लेबाजी
राजस्थान की टीम ने रनों के लिहाज से पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाते हुए 65 रन जरूर बटोरे लेकिन फर्ग्यूसन की गेंदबाजी के चलते 3 विकेट खो दिये थे। यहां से राजस्थान रॉयल्स की टीम वापसी नहीं कर सकी और नियमित अंतराल पर विकेट खोती चली गई। गुजरात टाइटंस के लिये इस दौरान बेहतरीन रन आउट भी सामने आये जिसने राजस्थान के कप्तान को वापस पवेलियन भेजने का काम कर मैच को पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया। हार्दिक पांड्या ने संजू सैमसन को पहले थ्रो के जरिये वापस पवेलियन भेजा।

डेब्यू मैच में चमके यश दयाल
इसके बाद यश दयाल ने रासी वैन डार दुसैं को कैच कराकर अपना दूसरा विकेट हासिल किया तो वहीं पर राजस्थान की उम्मीदों को जिंदा रखने वाले शिमरोन हेटमायर (29) को मोहम्मद शमी ने वापस पवेलियन भेजा। लॉकी फर्ग्यूसन ने रियान पराग (18) को 16वें ओवर में पवेलियन भेजा तो हार्दिक पांड्या ने 18वें ओवर में जेम्स नीशम का विकेट लेकर उम्मीदें खत्म कर दीं। यश दयाल ने युजवेंद्र चहल को आखिरी ओवर में आउट कर डेब्यू मैच में तीसरा विकेट अपने नाम किया। यश दयाल ने अपने डेब्यू मैच में 10 की इकॉनमी से 40 रन दिये तो वहीं पर 3 विकेट अपने नाम किये। वहीं फर्ग्यूसन ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications