'अभी भी नंबर 1 बन सकते हैं', वेस्टइंडीज के सपोर्ट में उतरे गौतम गंभीर, सहवाग ने साधा विंडीज बोर्ड पर निशाना
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 से बाहर हो गई है, जो इस साल 5 अक्टूबर से भारत में शुरू होने जा रहा है। आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 मुकाबले में दो बार की चैंपियन टीम को जब स्कॉटलैंड से हार मिली तो उनका पलायन भी तय हो गया।
भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और वसीम जाफर ने भी अपनी हैरानी व्यक्त की है कि वेस्टइंडीज की टीम 48 साल में पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में भी नाकामयाब रही। हालांकि गौतम गंभीर को अभी भी यकीन हैं कि ये टीम नंबर एक बन सकती है।

वेस्टइंडीज की टीम सुपर सिक्स के वर्ल्ड कप क्वालीफायर मुकाबले में 1 जुलाई को स्कॉटलैंड के हाथों हार गई थी। इससे पहले भी लीग स्टेज में जिम्बॉब्वे से भी हारे थे और नीदरलैंड ने भी सुपर लीग स्टेज में उनको हराया था।
तीन टीमों से हारना एक इत्तेफाक नहीं है और वेस्टइंडीज क्रिकेट में कहीं न कहीं भयंकर गड़बड़ रही है। उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 181 ही रन बनाए। जिसके जवाब में स्कॉटलैंड ने इस टारगेट को आसानी से पूरा कर लिया।
1975 और 1979 की वर्ल्ड कप विजेता टीम हारने के बाद वसीम जाफर ने ट्वीट किया है, 'यह कितने शर्म की बात है कि वेस्टइंडीज वर्ल्ड कप में नहीं है। आधिकारिक तौर पर कैरेबियाई क्रिकेट सबसे निचले स्थान पर जा चुका है। लेकिन जब आप बिल्कुल निचले स्थान पर होते हो, तो वहां से सिर्फ ऊपर ही जा पाते हो।'
जबकि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने लिखा- वेस्टइंडीज की टीम को क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं करते देख कर बहुत दुख हो रहा है।
वीरेंद्र सहवाग भी ट्वीट करते हैं, 'कितने शर्म की बात है। वेस्टइंडीज वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। यह बताता है कि सिर्फ प्रतिभा होने से कुछ नहीं होता, आपको अच्छा मैन मैनेजमेंट और फोकस भी बनाए रखना होगा, साथ ही राजनीति से भी दूर रहना होगा। एकमात्र राहत की बात यही है कि वेस्टइंडीज अब यहां से और नीचे नहीं जा सकता।'
हालांकि भारत के क्रिकेट दिग्गज गौतम गंभीर वेस्टइंडीज क्रिकेट के सपोर्ट में आए हैं। उन्होंने कहा, मुझे वेस्टइंडीज और वेस्टइंडीज के क्रिकेट से प्यार है। मुझे अभी भी यकीन हैं कि वे वर्ल्ड क्रिकेट में नंबर एक टीम बन सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications