'अपनी हद में रहो', आखिर किस पर फूटा गौतम गंभीर का गुस्सा? सीरीज जीत के बाद सरेआम लगाई फटकार
Gautam Gambhir News: भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद हो रही आलोचना से बेहद नाराज हैं। वनडे सीरीज जीतने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए गंभीर ने आलोचकों पर जमकर निशाना साधा। टेस्ट सीरीज में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन का कारण कप्तान शुभमन गिल की चोट को बताया।
क्यों मिली टेस्ट सीरीज में हार (Gautam Gambhir News)
टेस्ट सीरीज हार के बाद कोई बहाना न बनाने का दावा करने के कुछ ही दिनों बाद गंभीर ने अपने बयान से पलटी मारी। उन्होंने कहा कि आलोचना बढ़ा-चढ़ाकर की गई है। उनका तर्क था कि पहले टेस्ट में हार का अंतर सिर्फ 30 रन था, जहां कप्तान गिल अपनी गर्दन की चोट के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे। गंभीर ने गिल के चोटिल होने को भारतीय टीम की हार का बड़ा कारण बताया।

गंभीर ने मीडिया के सामने कही बड़ी बात
गंभीर ने मीडिया से कहा कि बहुत कुछ कहा गया है, इसमें कोई शक नहीं है कि नतीजे हमारे पक्ष में नहीं आए। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि किसी भी मीडिया हाउस या पत्रकार ने यह नहीं बताया कि हमने पहला टेस्ट अपने कप्तान के बिना खेला, जिसने दोनों पारियों में बल्लेबाज़ी नहीं की। उन्होंने आगे कहा कि जब टीम परिवर्तन के दौर से गुज़र रही होती है और जब एक फॉर्म में चल रहा कप्तान (जिसने पिछली छह टेस्ट पारियों में लगभग 1000 रन बनाए हैं) बीच में ही चोटिल हो जाता है, तो एक मजबूत विपक्षी टीम के सामने मुश्किल हो जाती है।
IPL मालिक पर भड़के गंभीर
गंभीर ने आलोचना करने वालों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल के सोशल मीडिया पोस्ट का भी ज़िक्र किया। जिंदल ने हार के बाद 'स्प्लिट कोचिंग' यानी टेस्ट के लिए अलग कोच की मांग की थी। गंभीर ने जिंदल के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि लोगों को अपने दायरे में रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ चीज़ें ऐसे लोगों ने कहीं जिनका क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं है। एक आईपीएल मालिक ने भी 'स्प्लिट कोचिंग' के बारे में लिखा। यह बहुत हैरान करने वाला है। लोगों के लिए ज़रूरी है कि वे अपने डोमेन में रहें। हम उनके डोमेन में नहीं जाते हैं, इसलिए उन्हें हमारे काम में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications