पूर्व भारतीय खिलाड़ी का सड़क दुर्घटना में निधन, इरफ़ान पठान के रहे हैं साथी, खिलाड़ियों ने बांधी काली पट्टी
भारतीय घरेलू क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। त्रिपुरा के पूर्व क्रिकेटर राजेश बनिक का सड़क हादसे में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार देर रात पश्चिम त्रिपुरा के आनंदनगर इलाके में हुआ, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त वे अकेले थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भारत की अंडर-15 टीम में खेल चुके थे
राजेश बनिक ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में की थी। वे भारत की अंडर-15 टीम का हिस्सा रह चुके थे, जहां उनके साथी खिलाड़ी इरफान पठान और अंबाती रायुडू जैसे नाम थे। घरेलू स्तर पर उन्होंने त्रिपुरा की रणजी टीम के लिए लंबे समय तक खेला।

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
राजेश बनिक ने 42 प्रथम श्रेणी मैचों में 1,400 से ज्यादा रन बनाए। उनके नाम एक शतक और आठ अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 24 लिस्ट ए मैच और 18 टी20 मुकाबले भी खेले। वे एक भरोसेमंद मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज और उपयोगी लेग-स्पिन गेंदबाज के रूप में जाने जाते थे।
चयनकर्ता और कोच के रूप में भी निभाई जिम्मेदारी
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद राजेश बनिक पूरी तरह से कोचिंग और चयन कार्य से जुड़ गए थे। वे त्रिपुरा अंडर-16 टीम के चयनकर्ता के रूप में काम कर रहे थे। त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा- "राजेश बनिक न केवल एक अच्छे खिलाड़ी थे बल्कि उन्होंने राज्य के युवा खिलाड़ियों को आगे लाने में अहम भूमिका निभाई।"
रणजी ट्रॉफी मैच में दी गई श्रद्धांजलि
राजेश बनिक के निधन की खबर सुनकर त्रिपुरा की मौजूदा टीम गहरे सदमे में है। रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान खिलाड़ियों ने काले आर्मबैंड पहनकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। टीम के खिलाड़ियों और कोचों ने उन्हें एक अनुशासित और प्रेरणादायक खिलाड़ी बताया।
40 साल की उम्र में हुआ निधन
सिर्फ 40 वर्ष की उम्र में राजेश बनिक का यूं अचानक जाना त्रिपुरा क्रिकेट के लिए बड़ा झटका है। उनके परिवार में माता-पिता और एक भाई हैं। क्रिकेट जगत से लेकर उनके प्रशंसकों तक, सभी ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।












Click it and Unblock the Notifications