टीम इंडिया में बार-बार बदलाव से चिंतित हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान, रोहित और द्रविड़ को दिया ये बड़ा सुझाव
टीम इंडिया ने पिछले हफ्ते वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज पर 2-1 से जीत दर्ज की और सीरीज के निर्णायक मैच में मेजबान टीम को 200 रन से हराया। अंतिम वनडे में भारत का प्रदर्शन शानदार था, लेकिन सोशल मीडिया पर कई फैंस पूरी सीरीज के दौरान टीम की रणनीति पर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने भी टीम मैनेजमेंट के फैसलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने सिर्फ पहला वनडे खेला, बाकी दो मैचों के लिए उन्हें आराम दिया गया। इसके अलावा बल्लेबाजी क्रम के कुछ फैसले पर फैंस ने निराशा व्यक्त की, जिस तरह से दूसरे वनडे में जहां संजू सैमसन तीसरे नंबर पर और अक्षर पटेल चौथे नंबर पर आए थे, सोशल मीडिया पर इसको लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

कई लोगों ने तर्क दिया कि अगर रोहित और कोहली को आराम देने की योजना थी तो उन्हें सीरीज के लिए चुना ही क्यों था। पहले वनडे में 115 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के पांच विकेट गिरने के बावजूद कोहली को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन में प्रयोग करने के लिए गंभीर आलोचना का सामना करना पड़ा है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने भी टीम इंडिया के फैसलों की आलोचना की है, बट ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में कहा कि, 'हाल के समय में वे स्पिनरों को अच्छी तरह से नहीं खेल रहे हैं। वे परंपरागत रूप से स्पिनरों के खिलाफ मजबूत हैं, लेकिन अब आपको वह नियंत्रण नहीं दिखता।'
बट ने कहा कि, 'इस पर ध्यान देने की जरूरत है। दूसरे हर दौरे पर बहुत ज्यादा बदलाव होते हैं। विश्व कप से पहले अब समय आ गया है कि आप अपने 15 खिलाड़ियों को जानें और प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिकाएं पता हों।'
उन्होंने कहा कि, 'यदि आप किसी को आराम देना चाहते हैं, और अन्य किसी खिलाड़ी को आजमाना चाहते हैं, तो एक ए टीम ही भेजें। सभी खिलाड़ियों को आराम करने दीजिए। यदि आपकी पहली प्लेइंग इलेवन के आधे खिलाड़ी वहां हैं और आधे नहीं हैं, तो आप यह नहीं कह सकते कि यह आपकी मुख्य टीम है। सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, शुभमन गिल, कोई भी नया नहीं है। उनके पास वनडे में दोहरे शतक हैं, आईपीएल में शतक हैं।'
दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने सुझाव दिया है कि भारत एशिया कप और विश्व कप जैसे प्रमुख टूर्नामेंटों से पहले शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे को वनडे टीम में वापस बुलाने के बारे में सोच सकता है। धवन ने आखिरी बार भारत के लिए पिछले नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान खेला था। इस बीच, रहाणे कई वर्षों से सफेद गेंद के क्रिकेट से दूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications