2011 वर्ल्ड कप टीम के एक और खिलाड़ी ने लिया संन्यास, मैच फिक्सिंग में लगा था 7 साल का बैन
नई दिल्ली, मार्च 09। टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। इसमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट के सभी फॉर्मेट शामिल हैं। श्रीसंत ने ट्विटर के जरिए संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने बुधवार को कई सारे ट्विट्स के जरिए यह घोषणा की कि वो अब अगली पीढ़ी के लिए अपने फर्स्ट क्लास करियर को भी खत्म कर रहे हैं। आपको बता दें कि एस श्रीसंत इन दिनों घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे।

रणजी ट्रॉफी खेल रहे थे श्रीसंत
केरल के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत इन दिनों रणजी ट्रॉफी खेल रहे थे और अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे थे, लेकिन उन्होंने अचानक संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि आज मेरे लिए बहुत मुश्किल भरा दिन है क्योंकि मैं घरेलू क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कह रहा हूं। श्रीसंत ने आगे कहा है कि एर्नाकुलम जिले के लिए खेलने हमेशा से ही एक अलग अनुभव रहा है। श्रीसंत ने अपने ट्वीट में केरल राज्य क्रिकेट संघ, बीसीसीआई, वार्विकशायर काउंटी क्रिकेट टीम, भारतीय एयरलाइंस क्रिकेट टीम, बीपीसीएल और आईसीसी का आभार जताया है।

श्रीसंत ने 7 साल तक खेला क्रिकेट
आपको बता दें कि एस श्रीसंत ने 2005 से लेकर 2013 तक भारत के लिए क्रिकेट खेला और इन 7 सालों में उन्होंने अपनी धाक टीम में बनाए रखी थी। एस श्रीसंत 2011 वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा थे। अपने 7 साल के करियर में श्रीसंत ने 27 टेस्ट मैच, 53 वनडे और 10 टी20 मैच खेले थे। श्रीसंत ने टेस्ट करियर में 87, वनडे में 75 और टी20 में 7 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा श्रीसंत ने आईपीएल के भी 44 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 40 विकेट लिए थे।

युवा क्रिकेटरों को मिल सकेगा मौका- श्रीसंत
श्रीसंत ने आगे कहा कि युवा क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी के लिए मैंने अपने फर्स्ट क्लास करियर को समाप्त करने का फैसला किया है। यह निर्णय मेरा अकेले का है। हालांकि मुझे पता है कि इससे मुझे खुशी नहीं मिलेगी, इस समय में यह सही और मेरी लिए सम्मानजनक है।












Click it and Unblock the Notifications