वर्ल्ड कप विजेता टीम के हिस्सा रहे भारतीय क्रिकेटर को TMC से मिला लोकसभा टिकट, तीसरी बार बदली पार्टी
Kirti Azad: लोकसभा चुनावों के लिए ममता बनर्जी की टीएमसी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इसमें दो क्रिकेटरों को भी टिकट मिली है। खास बात यह भी है कि दोनों ही खिलाड़ी अपने-अपने समय की वर्ल्ड चैम्पियन टीमों में शामिल रहे हैं।
टीएमसी ने दुर्गापुर लोकसभा सीट से भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को टिकट दिया है। बीजेपी के एसएस आहलुवालिया वहां सीटिंग एमपी हैं। देखना होगा कि बीजेपी एक बार फिर से आहलुवालिया तो टिकट देती है या नहीं। इसके अलावा कांग्रेस की रणनीति भी अहम होगी।

गौरतलब है कि कीर्ति आजाद बिहार की दरभंगा सीट से 3 बार सांसद रहे हैं। साल 2019 में वह कांग्रेस में शामिल हुए थे क्योंकि बीजेपी ने उनको पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निलंबित कर दिया था। इसके बाद उनको धनबाद से कांग्रेस ने टिकट दिया लेकिन वहां उनकी हार हुई थी। बीजेपी और कांग्रेस के बाद अब टीएमसी उनकी तीसरी पार्टी है। देखना होगा। कि उनके सामने भाजपा किसे मैदान में उतारती है।
क्रिकेट की बात की जाए तो वह टीम इंडिया में बतौर बल्लेबाज और स्पिनर खेला करते थे। 1981 में उनको ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनको भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया था, वहां धमाकेदार खेल के बाद वह वर्ल्ड कप 1983 की टीम में चुने गए थे।
वर्ल्ड कप में कीर्ति आजाद ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के धाकड़ खिलाड़ी इयान बॉथम को आउट कर दिया था। इसके बाद भारतीय टीम ने उस मैच में जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक का सफर तय कर लिया था।
भारतीय टीम के लिए कीर्ति ने दोनों फ़ॉर्मेट में कुल 32 मुकाबले खेले थे। इनमें 25 एकदिवसीय मैच और 7 टेस्ट मैच शामिल थे। 1993 में कीर्ति आजाद ने दिल्ली के गोल मार्केट से विधानसभा चुनाव जीता था और बाद में बिहार के दरभंगा से लोकसभा चुनाव लड़ते रहे।












Click it and Unblock the Notifications