BCCI ने पूर्व भारतीय विकेटकीपर को बनाया सीनियर सलेक्टर, इंग्लैंड में जाकर लगा चुके हैं शतक
बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति में एक नया नाम शामिल किया गया है। अजित अगरकर की अगुवाई वाली इस चयन समिति में पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज का नाम शामिल किया गया है। महेंद्र सिंह धोनी से पहले इस क्रिकेटर ने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया था।
बीसीसीआई ने नई भूमिका के इए अजय रात्रा की नियुक्ति की है। अजय रात्रा ने भारत के लिए टेस्ट और एकदिवसीय दोनों प्रारूप में हिस्सा लिया है। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम शतक भी है। इसके अलावा उनको प्रथम श्रेणी क्रिकेट का काफी अनुभव है। उन्होंने 90 से ज्यादा फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं।

रात्रा अपनी नई भूमिका में व्यापक कोचिंग अनुभव लेकर आए हैं। उन्होंने असम, पंजाब और उत्तर प्रदेश के लिए मुख्य कोच के रूप में काम किया है। इसके अलावा वह 2023 में दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज़ के दौरान भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे।
बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान के माध्यम से उनकी नियुक्ति की पुष्टि की और कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की क्रिकेट सलाहकार समिति ने मंगलवार को श्री अजय रात्रा को श्री अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली पुरुष चयन समिति के नए सदस्य के रूप में नामित किया। श्री रात्रा समिति में श्री सलिल अंकोला का स्थान लेंगे।
भारत को बांग्लादेश के साथ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम तीन टेस्ट मैचों के लिए भारत आएगी। यह सीरीज गौतम गंभीर के लिए भारतीय टीम के मुख्य कोच के रूप में पहला अनुभव होगा। रात्रा का काम भी इस सीरीज के साथ शुरू हो जाएगा। टीम इंडिया के चयन में उनकी भूमिका रहने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications