निधन से कुछ दिन पहले शेन वॉर्न ने यूक्रेन-रूस संकट पर किया था ट्वीट, यूक्रेनी दोस्त के लिए लिखी थी ये बात
सिडनी, 04 मार्च। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महानतम क्रिकेटर और गेंदबाज शेन वॉर्न ने शुक्रवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। 52 साल की उम्र में शेन वॉर्न को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्होंने अपने थाइलैंड स्थित विला में आखिरी सांस ली। यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग पर शेन वॉर्न की भी नजर थी, वो भी दोनों देशों से शांति स्थापित करने की अपील करते थे। यूक्रेन-रूस संकट के लेकर उन्होंने कुछ दिन पहले एक ट्वीट भी किया था, जो अब उनके निधन के बाद सुर्खियों में है।

पूर्व दिग्गज क्रिकेटर शेन वॉर्न ने लिखा था, 'पूरी दुनिया यूक्रेन के लोगों के साथ है क्योंकि वे रूसी सैन्य बलों द्वारा एक अकारण और अनुचित हमले का शिकार हैं। तस्वीरें भयावह हैं और मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि इसे रोकने के लिए और अधिक प्रयास नहीं किया जा रहा है। मेरे यूक्रेनी साथी एंड्री शेवचेंको और उनके परिवार के लिए ढेर सारा प्यार।' शेन वॉर्न ने ये ट्वीट अपने अपने दोस्त और यूक्रेनी फुटबॉल प्रबंधक एंड्री शेवचेंको को टैग करते हुए लिखा था।
यह भी पढ़ें: RIP Shane Warne: शेन वॉर्न के निधन से सदमे में क्रिकेट जगत, इन दिग्गजों ने लिखे भावुक ट्वीट
शेन वॉर्न के निधन की जानकारी देते हुए एक बयान में कहा गया, 'शेन अपने विला में बेसुध पाए गए और चिकित्सा कर्मचारियों के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके परिवार की प्राइवेसी के लिए शेन वॉर्न के फैंस से अनुरोध है, उन्हें समय प्रदान करें।' खेल के इतिहास में सबसे महान गेंदबाजों में से एक माने जाने वाले शेन वार्न ने 15 साल से अधिक के करियर में 145 टेस्ट में 708 विकेट लिए। वह 1999 की विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications