इमरान खान के सपोर्ट में उतरे भारत के तीन दिग्गज क्रिकेटर, पाकिस्तानी सरकार के सामने रखी बड़ी मांग
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और 1992 विश्व कप विजेता इमरान खान की सेहत को लेकर क्रिकेट जगत की चिंता एक बार फिर सामने आई है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े 21 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान को उचित मेडिकल सुविधा देने की अपील की है।
इस अपील में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल ने इस पहल को आगे बढ़ाया है। उनके साथ एलन बॉर्डर, इयान चैपल, माइक गैटिंग, अर्जुन रणतुंगा, एडम गिलक्रिस्ट, एंड्रू स्ट्रॉस, एलिस्टेयर कुक और क्लाइव लॉयड जैसे बड़े नाम भी इस अपील का हिस्सा हैं।

यह पहली बार नहीं है जब पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने इमरान खान की स्थिति पर चिंता जताई है। करीब छह महीने पहले भी 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से उनके स्वास्थ्य और जेल में उनकी स्थिति को लेकर अपील की थी। अब हाल की घटनाओं के बाद इस बार हस्ताक्षर करने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद क्या हुआ?
इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता उस समय और बढ़ गई जब पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जेल से अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया। अदालत ने मेडिकल जांच के लिए एक बोर्ड बनाने को कहा था, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ इमरान के निजी डॉक्टर और उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किया जाना था। अदालत ने परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की व्यवस्था बहाल करने का निर्देश भी दिया था।
इमरान खान को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उनकी मेडिकल जांच कुछ घंटों तक ही चली और इसके बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया। उनकी जांच राज्य की मेडिकल टीम ने की और उन्हें चिकित्सकीय रूप से फिट बताया गया।
यही बात पूर्व क्रिकेट कप्तानों की नई अपील का बड़ा आधार बनी है। उनका कहना है कि जिस मेडिकल बोर्ड के जरिए स्वतंत्र जांच की बात अदालत ने कही थी, उसे अपना काम पूरा करने का मौका मिलना चाहिए।
क्रिकेट के मैदान से निकली अपील
इस पूरी पहल की खास बात यह है कि इसमें शामिल लोग खुद को राजनीतिक समूह के तौर पर पेश नहीं कर रहे हैं। वे इमरान खान को अपने पुराने क्रिकेट साथी और प्रतिद्वंद्वी के रूप में याद करते हुए उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं। ग्रेग चैपल ने भी यही बात कही है कि उनकी मांग कोई असाधारण मांग नहीं है। उनका कहना है कि वे सिर्फ यह चाहते हैं कि अदालत के आदेश को सही तरीके से लागू किया जाए।
तीन मांगों पर दिया जोर
पूर्व कप्तानों ने अदालत के निर्देश के अनुसार मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की स्वतंत्र जांच पूरी करने की अपील की। इसके अलावा परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की सुविधा फिर से शुरू किए जाने की बात कही। इसके अलावा मेडिकल बोर्ड की जांच के आधार पर सजेस्ट किया गया इलाज तुरंत उपलब्ध कराने की मांग की।
गावस्कर और कपिल देव ने फिर उठाई आवाज
सुनील गावस्कर और कपिल देव का इस अपील में शामिल होना खास तौर पर चर्चा में है। इमरान खान के साथ दोनों का क्रिकेट करियर एक ही दौर का रहा है। मैदान पर भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता के बावजूद उस पीढ़ी के खिलाड़ियों के बीच व्यक्तिगत परिचय और सम्मान का रिश्ता रहा है। फरवरी में भी गावस्कर और कपिल देव उन पूर्व कप्तानों में शामिल थे जिन्होंने पाकिस्तान सरकार से इमरान को उचित मेडिकल सुविधा और सम्मानजनक व्यवहार देने की अपील की थी।


Click it and Unblock the Notifications
