FIFA World cup में एक और बड़ा उलटफेर, पुर्तगाल को हराकर अंतिम 16 में पहुंची दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया और पुर्तगाल के बीच खेले गए मैच में किम यॉन्ग गॉन और हॉन्ग ही चैन के गोल के बलबूते कोरियाई टीम जीत दर्ज कर सकी। इस जीत के साथ ही दक्षिण कोरिया की टीम फुटबॉल विश्व कप के अंतिम 16 में पहुंच गई।

फीफा विश्व कप 2022 में शुक्रवार को एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिल गया है। दरअसल, ग्रुप एच के एक मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने पुर्तगाल को 2-1 से हराकर अंतिम 16 राउंड में जगह बना ली है। हालांकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल हारकर भी अंतिम 16 में पहुंच गई है, क्योंकि ग्रुप एच में पुर्तगाल की टीम अभी भी टॉप पर है। वहीं शुक्रवार को ग्रुप एच के ही एक अन्य मुकाबले में उरुग्वे ने घाना को हरा दिया, लेकिन इस जीत के बाद भी उरुग्वे की टीम विश्व कप से बाहर हो गई।
कोरियाई टीम से किसने किए दो गोल?
आपको बता दें कि शुक्रवार देर रात दक्षिण कोरिया और पुर्तगाल के बीच खेले गए मैच में किम यॉन्ग गॉन और हॉन्ग ही चैन के गोल के बलबूते कोरियाई टीम जीत दर्ज कर सकी। इस जीत के साथ ही दक्षिण कोरिया की टीम फुटबॉल विश्व कप के अगले राउंड में पहुंचने वाली एक और एशियाई टीम बन गई है। दक्षिण कोरिया से पहले जापान ने पहले ही अंतिम 16 में जगह बना ली है। दो अफ्रीकी टीमें मोरक्को और सेनेगल भी अंतिम 16 में पहुंच चुकी हैं।
मैच के पहले ही पांच मिनट में पुर्तगाल ने किया था गोल
बात करें मैच की तो पुर्तगाल की टीम ने पहले हाफ में बढ़त हासिल कर ली थी। पुर्तगाल की शुरुआत अच्छी रही थी। अटैकिंग खेलते हुए पुर्तगाल ने मैच के पहले पांच मिनट में ही गोल कर दिया था, लेकिन इस गोल के बाद पुर्तगाल की टीम इस बढ़त को बना कर नहीं रख पाई। दक्षिण कोरिया की टीम ने मैच के 27वें मिनट में पहला गोल किया था। कोरिया की ओर से किम यॉन्ग गॉन ने पहला गोल दागा था और उसके बाद हॉन्ग ही चैन ने दूसरा गोल दागा था। यहां से फिर पुर्तगाल को वापसी का मौका ही नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications