बुलेट-प्रूफ कार में जाते थे रमीज राजा, PCB के पूर्व चीफ ने किया जान से मारने की धमकी का खुलासा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रमीज राजा को एक झटके में बाहर करके अपने संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। रमीज ने पीसीबी चीफ के तौर पर काफी बातें की जिनमें भारत के खिलाफ उगली आग ने काफी विवाद बटोरे। अब नजम सेठी ने पीसीबी अध्यक्ष का पद संभाला था। इसके अलावा, रमीज के कार्यकाल के तहत चयन समिति को भी बर्खास्त कर दिया है। यानी रमीज के साथ का कुछ भी नहीं बचा है। शाहिद अफरीदी अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के रूप में भूमिका निभा रहे हैं और उनके पैनल में पूर्व क्रिकेटरों अब्दुल रज्जाक और राव इफ्तिखार अंजुम को भी पैनल में जोड़ा गया था।
जाहिर है रमीज राजा के साथ जो कुछ भी हुआ है उससे वे संतुष्ट बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कई बार इस बारे में बात की है और इस फैसले को गलत बताया है।
समा टीवी के साथ ऐसे ही एक साक्षात्कार के दौरान रमीज राजा ने अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल पर एक बड़ा दावा किया। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने खुलासा किया कि उन्हें मौत की धमकियों का सामना करना पड़ा था और तब से वह देश में यात्रा करने के लिए बुलेट-प्रूफ कार का उपयोग कर रहे थे। असल में जब रमीज से पीसीबी में रहने के दौरान 1.65 करोड़ रुपये (पाकिस्तानी रुपये) की कार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ये खुलासा किया।
रमीज ने सवाल दागने वाले पत्रकार से कहा, "वह कार पीसीबी के पास है। मैंने वह नहीं खरीदा। मेरे बाद वाले भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। मुझे जान से मारने की धमकी मिली। आपको बुलेट प्रूफ कार तब तक नहीं मिल सकती जब तक आपको जान से मारने का खतरा न हो। इसलिए मेरे पास ये थी।"
पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष ने कहा,, 'मैं इसके बारे में (खतरे के बारे में) ब्योरा नहीं दे सकता। लेकिन मार्च 2022 में ऑस्ट्रेलिया के पाकिस्तान आने के बाद से ऐसा हुआ है। डीआईजी साहब मेरे घर आए थे, वहां पूरी रिपोर्ट बनी थी।"
इससे पहले, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रमीज राजा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी थी, क्योंकि रमीज और बोर्ड की नई प्रबंधन समिति और पूर्व अध्यक्ष के बीच काफी आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला था।
पाकिस्तान की टीम जब इंग्लैंड के खिलाफ 0-3 से हारी तब राजा की कुर्सी चली गई। अब अगले चार महीनों के लिए खेल के मामलों को चलाने के लिए नजम सेठी की अध्यक्षता वाली 14 सदस्यीय समिति अपना कामकाज संभाल चुकी है।
अपनी बर्खास्तगी के बाद, राजा ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा संविधान को सस्पेडं किए जाने के बाद उन्हें बोर्ड कार्यालय से अपना सामान भी नहीं लेने दिया गया था। रमीज इससे पहले कमेंट्री और खेल प्रजेंटेशन में अपना काफी नाम चुके थे। भारत के साथ भी उनके रिश्ते बढ़िया थे लेकिन पीसीबी चीफ के तौर पर वे ना तो पाक क्रिकेट को कोई बड़ी चीज दे पाए और ना ही व्यक्तिगत तौर पर कुछ हासिल कर पाए। वे विवादित ज्यादा रहे और पद छिनने के बाद भी विवाद बरकरार हैं।












Click it and Unblock the Notifications