'आधा भी कर लिया हासिल तो सफल हो जायेगा करियर', धोनी से रिजवान की तुलना पर भड़के पूर्व पाक कप्तान

नई दिल्ली। क्रिकेट जगत में जब भी कोई नया खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करता है तो अक्सर लोग उसकी तुलना उसी समय के किसी दिग्गज या किसी पूर्व क्रिकेटर से करने लगते हैं जिससे उसकी शैली थोड़ी मिलती जुलती रही हो। पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। मोहम्मद रिजवान के लिये 2021 का साल काफी शानदार रहा है, जिसके चलते उन्हें आईसीसी की ओर से टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी दिया गया तो वहीं पर रिजवान की शानदार बल्लेबाजी के दम पर ही पाकिस्तान की टीम ने भारत को पहली बार विश्वकप के किसी मुकाबले में मात दी। मोहम्मद रिजवान ने साल 2021 में जिस तरह से रनों का अंबार लगाया वह टी20 क्रिकेट के एक कैलेंडर ईयर में 1000 अंतर्राष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बनें।
और पढ़ें: कोहली के बाद कौन बन सकता है भारतीय टीम का अगला टेस्ट कप्तान, गांगुली ने दिया बड़ा बयान
मोहम्मद रिजवान जिस तरह से शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं उसको लेकर पाकिस्तानी मीडिया में उनकी तुलना भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से की जाने लगी है। धोनी की बात करें तो उन्होंने विश्व क्रिकेट में अपनी अलग छाप छोड़ी है, जिसके आस-पास भी पहुंचना कई खिलाड़ियों के लिये सपना मात्र लगता है। ऐसे में रिजवान की तुलना धोनी से की जाने पर कई दिग्गज खिलाड़ी भड़के हुए भी नजर आ रहे हैं, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट का नाम भी है।
और पढ़ें: U19 WC 2022: जानें फाइनल से पहले कोहली से क्या मिली सलाह, कप्तान यश धुल ने किया खुलासा

धोनी के साथ तुलना करना बेवकूफी है
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट का मानना है कि मोहम्मद रिजवान को धोनी के आस-पास पहुंचने के लिये भी अभी बहुत लंबा सफर तय करना है। 2003 से 2010 तक पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिये खेलने वाले सलमान बट्ट का मानना है कि रिजवान में धोनी की सफलता को दोहराने की काबिलियत जरूर है लेकिन अभी दोनों के बीच तुलना करना काफी जल्दबाजी होगी।
उन्होंने कहा,'रिजवान काफी शांत स्वाभाव के खिलाड़ी हैं और एक बेहतरीन कप्तान बनने की प्रक्रिया में हैं। लेकिन हमें बहुत आगे कूदने की जरूरत नहीं है। धोनी ने अपने करियर के दौरान जो उपलब्धियां हासिल की हैं अगर रिजवान उसका आधा भी हासिल कर लेते हैं तो वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना लेंगे। वो एक ऐसे खिलाड़ी जिनमें काफी कुछ करने की काबिलियत है। जब चीजें एक बार उनके हिसाब से चलनी शुरू हो जायेंगी तो कोई नहीं जानता की कहां पर रुकेंगी। लेकिन हमें समझना होगा कि फिलहाल ऐसी तुलना करना सिर्फ बेवकूफी है।'

इस मामले में धोनी को पीछे छोड़ चुके हैं रिजवान
मोहम्मद रिजवान के लिये 2021 का साल काफी शानदार गुजरा है जिसमें उन्होंने एक साल में 2000 टी20 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया तो वहीं पर एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन (26 पारियों में 1326) बनाने वाले बल्लेबाज भी बनें। रिजवान ने इस दौरान विकेटकीपिंग के खास रिकॉर्ड के मामले में धोनी को भी पीछे छोड़ दिया और एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले विकेटकीपर बनें। रिजवान ने 2021 में विकेट के पीछे 47 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर धोनी ने 39 विकेट का रिकॉर्ड बनाया था।
वहीं पूर्व भारतीय कप्तान की बात करें तो धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को 2007 का टी20 विश्वकप, 2011 का वनडे विश्वकप और 2013 की चैम्पियनशिप ट्रॉफी में जीत दिलाने का कारनामा किया तो वहीं पर विकेट के पीछे से अपनी शानदार विकेटकीपिंग के दम पर भारत को कई यादगार जीत दिलायी। धोनी को उनके क्रिकेटिंग दिमाग के लिये भी जाना जाता है।

भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों के रिश्ते पर क्या बोले रिजवान
हाल ही में मोहम्मद रिजवान ने भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच के रिश्ते पर बात करते हुए टी20 विश्वकप 2021 के मुकाबले को याद किया था कि उनके लिये यह मैच किसी अन्य मैच की तरह ही था। मैदान के बाहर भले ही भारत-पाकिस्तान को धुर विरोधी के तौर पर दिखाया जा रहा था लेकिन मैच के अंदर दोनों खिलाड़ी काफी अच्छे दोस्तों की तरह खेल रहे थे।
उन्होंने कहा,'जब हम मैदान पर थे तो हमें कुछ खास रणनीतियों का इस्तेमाल करना पड़ता है, जैसे कि विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को घूरना, थोड़ी सी बातचीत, स्लेजिंग, जोर-जोर से चीयरिंग। घर पर हम एक दूसरे के खिलाफ कई बार खेले हैं लेकिन वहां पर हम सब एकजुट होकर भारत के खिलाफ खेले। हम वहां पर यह बात नहीं करना चाह रहे थे कि हम किस राज्य से आये हैं, हम एक परिवार की तरह खेले। मैदान के बाहर उनके लिये हमारे मन में अलग भावनायें हो सकती हैं लेकिन मैदान पर हम सिर्फ उन्हें हराने के बारे में सोचते हैं। हमारे मन में उनके लिये बड़ा सम्मान हैं और हम एक-दूसरे को काफी प्यार करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications