'टिकट के लिए TMC ने मांगे 5 करोड़, भारतीय क्रिकेटर ने खोली ममता की पोल, किया भूचाल लाने वाला खुलासा
Manoj Tiwary: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। साल 2021 में शिबपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए और खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री रहे तिवारी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी की इस करारी हार से उन्हें बिल्कुल भी आश्चर्य नहीं हुआ है।
उनके अनुसार जब पूरी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त हो और किसी भी क्षेत्र में विकास कार्य न हो रहे हों, तो ऐसा परिणाम आना तय था। तिवारी ने टिकट बंटवारे की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इस बार केवल उन्हीं लोगों को उम्मीदवार बनाया गया जो मोटी रकम दे सकते थे।

PTI के अनुसार मनोज तिवारी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस में टिकट पाने के लिए उम्मीदवारों से पांच करोड़ रुपये तक की मांग की गई थी। उनके अनुसार इस चुनाव में कम से कम 70 से 72 उम्मीदवारों ने टिकट हासिल करने के लिए करीब पांच-पांच करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
मनोज तिवारी से मांगे गए टिकट के लिए पैसे
तिवारी ने खुलासा किया कि उनसे भी इस राशि की मांग की गई थी, लेकिन उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और यही कारण रहा कि वह इस बार चुनावी मैदान में नहीं उतरे। उन्होंने चुनौती देते हुए यह भी कहा कि जिन लोगों ने पैसे देकर टिकट खरीदे थे, उनमें से जीतने वालों की संख्या बेहद कम है।
TMC से खत्म है अब रिश्ता
राजनीति में अपने प्रवेश और वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए तिवारी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के साथ उनका अध्याय अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि उनकी राजनीति में आने की कभी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं थी, बल्कि उन्होंने ममता बनर्जी के बार-बार आग्रह करने पर यह कदम उठाया था।
लोकसभा के लिए भी मिला ऑफ़र
साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें टिकट की पेशकश की गई थी, जिसे उन्होंने उस समय खेल में सक्रिय होने के कारण ठुकरा दिया था। हालांकि 2021 में मुख्यमंत्री के संदेश और विश्वासपात्रों के माध्यम से दबाव बनाए जाने के बाद वह समाज में सार्थक बदलाव लाने की उम्मीद के साथ शिबपुर से चुनाव लड़ने को तैयार हुए थे। अब पार्टी से अलग होने के बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के इन माहौल के बीच काम करना उनके लिए संभव नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications