Live मैच में अचानक दर्द से कराह उठी कप्तान, स्ट्रेचर पर जाना पड़ा मैदान से बाहर, मुश्किल में टीम!
ENGW vs SLW, 12th Match: महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उनकी सबसे अनुभवी और स्टार बल्लेबाज कप्तान चमारी अथापथु चोटिल होकर मैदान से बाहर चली गईं। यह घटना तब हुई जब श्रीलंका की टीम 254 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। चमारी अथापथु को मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में चोट लगी, जिसके बाद वह दर्द से कराहती हुई मैदान पर गिर पड़ीं। उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।
श्रीलंका की जीत को बड़ा झटका (ENGW vs SLW, 12th Match)
चोटिल होने से पहले भी अथापथु संघर्ष कर रही थीं और 20 गेंदों में सिर्फ 7 रन ही बना पाईं। यह कहने की जरूरत नहीं है कि चमारी अथापथु श्रीलंकाई टीम की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 116 मैचों में 3920 रन बनाए हैं। टीम की जीत की सारी उम्मीदें उनके बड़े स्कोर पर टिकी होती हैं। बाकी बल्लेबाज तभी योगदान दे पाते हैं जब वह एक मजबूत नींव रखती हैं।

श्रीलंका को कई टीमों से अभी खेलना है मैच
चोट की गंभीरता का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन अगर यह गंभीर होती है, तो श्रीलंका की टीम इस मैच के अलावा आने वाले मैचों में भी गहरे संकट में आ सकती है। इस हार के बाद टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर खिसक सकती है। श्रीलंका को विश्व कप में अभी न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों का सामना करना बाकी है। टीम को उम्मीद होगी कि उनकी कप्तान जल्द से जल्द ठीक होकर बाकी सभी मैचों में हिस्सा लें।
नट साइवर-ब्रंट ने किया बड़ा कमाल
गेंदबाजों ने इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें 253 रनों पर सीमित रखा। जबकि एक समय इंग्लैंड 21 ओवर में 109/2 के स्कोर पर मजबूत स्थिति में थी। अनुभवी स्पिनर इनोका राणावीरा ने शानदार गेंदबाजी की और 10 ओवरों में सिर्फ 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। दूसरी ओर इंग्लैंड की ओर से नट साइवर-ब्रंट ने एक और शतक जड़ा। इस शतक के साथ वह सिर्फ 19 पारियों में 5 विश्व कप शतक बनाकर सबसे ज्यादा विश्व कप शतक बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने शार्लेट एडवर्ड्स (29 पारियों में 4 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications